पटना (आई ए खान) : पटना के अशोक राजपथ पर बना बिहार का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इस फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। ₹422 करोड़ की लागत से बने इस पुल की लंबाई 2.2 KM है।
इस डबल डेकर फ्लाईओवर के बनने से पहली बार पटना में तीन लेयर में गाड़ियां दौड़ेंगी, जिससे करीब 5 लाख की आबादी को सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही अशोक राजपथ पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
डबल डेकर फ्लाईओवर का फर्स्ट फ्लोर 1.5 किमी लंबा है, जो पटना कॉलेज से बीएन कॉलेज तक है। जबकि सेकेंड फ्लोर 2.2 किमी लंबा है, जिसपर कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक गाड़ियां चलेंगी।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने इस डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण घनी आबादी के बीच कराया है। इस फ्लाईओवर पर चढ़ने के बाद यू टर्न लेने का कोई ऑप्शन नहीं है। यानी एक बार इस पुल पर चढ़े तो फिर दूसरे छोड़ पर ही उतरना होगा।
इस फ्लाईओवर को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया है। साथ ही रंग-बिरंगी लाइटें भी लगाई गई हैं। खूबसूरती देने के लिए हर पिलर पर वर्टिकल गार्डनिंग भी की गई है।
यह फ्लाईओवर छपरा के बाद बिहार का दूसरा डबल डेकर फ्लाईओवर है, जिसे 4 साल पहले स्वीकृति मिली थी। हालांकि छपरा में डबल डेकर फ्लाईओवर का काम किसी वजह से अटका हुआ है। वहीं, पटना का फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है।
पटना कॉलेज के पास Y- जंक्शन बनाया गया है। दरअसल, NIT मोड़ से आने वाले लोगों को दो रैंप दिए गए हैं। एक साइंस कॉलेज से शुरू होता है। दूसरा पटना यूनिवर्सिटी से।
ये दोनों लेन आकर पटना कॉलेज में मिल रहे हैं। एक लेन बनकर गांधी मैदान की ओर है। इसी पॉइंट पर Y आकार की एक आकृति दिखाई देती है, जिसे Y- जंक्शन कहा गया है। यह पटना कॉलेज के पिलर नंबर 56 के पास है।
एलिवेटेड फ्लाईओवर के नीचे, दोनों तरफ सर्विस रोड बनाया गया है। इस सर्विस रोड से मार्केटिंग करने और नजदीक के ऑफिस में पहुंचने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के लिए बीएन कॉलेज, संत मेरी चर्च, पीरबहोर थाना, PMCH और पटना यूनिवर्सिटी की बाउंड्री बाल तोड़कर सर्विस रोड को चौड़ी की गई है।