कानपुर : कस्बा निवासी अनिल नामदेव की पुत्री रीता देवी (27) की शादी चार साल पहले हमीरपुर जिले के ललपुरा गांव के मनीष नामदेव से हुई थी। महिला का एक तीन साल का बेटा अंश है। वह पति से अनबन के कारण दो माह से मायके में रह रही थी। वह 26 मार्च को बाजार गई थी और इसके बाद घर नहीं लौटी। भाई गोविंद ने भांजे को छोड़कर बहन के लापता होने की 27 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को जांच में पता लगा कि महिला गोपालपुर निवासी गौरव पाल के साथ गई है। पुलिस के दबाव में शनिवार को दोपहर दो बजे दोनों पक्ष थाने पहुंचे। महिला का पति व मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे। भाई गोविंद ने बताया कि बहन गौरव के साथ जाने की जिद कर रही थी। बहन से अकेले बातचीत के लिए पुलिस गौरव को हटाने लगी। पुलिस ने गौरव की तलाशी ली। तलाशी में उसकी जेब से सल्फास की गोली निकली। यह देख रीता उठी। पानी के साथ पर्स से गोली निगल ली। कुछ ही देर में बहन की हालत गंभीर हो गई। परिजन पीएचसी लेकर गए। महिला ने थाने में जहर खाने की बात कही। डॉक्टर ने सीएचसी बिंदकी भेजा। सीएचसी में महिला की जहर खाने की पुष्टि हुई है। जहां से उसे कानपुर हैलट रेफर किया गया। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि महिला थाने के बाहर से जहर खाकर आई थी। उसकी मौत की खबर मिली है। शिकायत आने पर जांच की जाएगी। सीओ वीर सिंह ने बताया कि महिला ने थाने में जहर खाया है तो उसकी जांच होगी।