अर्थ

निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ मुंबई सबसे आगे: नाइट फ्रैंक

डेस्क: रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक के अनुसार देश के सात प्रमुख शहरों में निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में मुंबई की हिस्सेदारी सबसे अधिक 43 प्रतिशत है। नाइट फ्रैंक इंडिया ने बताया कि इस समय सात प्रमुख शहरों में डेटा सेंटर की कुल 80 निर्माणाधीन परियोजनाएं हैं। ये सात शहर मुंबई, पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई और कोलकाता हैं।

सलाहकार कंपनी ने कहा कि बन रहे डेटा सेंटर केंद्रों की संरचना बड़े आकार के केंद्रों की ओर स्पष्ट झुकाव का संकेत देती है। इस साल की जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल निर्माणाधीन परियोजनाओं का 55 प्रतिशत हिस्सा 50 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली परियोजनाओं का है, जो भारत के प्रमुख डेटा सेंटर बाजारों में बड़े आकार के बुनियादी ढांचे पर बढ़ते जोर को दर्शाता है।
नाइट फ्रैंक ने कहा, ”भारत की निर्माणाधीन डेटा सेंटर परियोजनाओं में मुंबई का दबदबा कायम रहा। वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 80 केंद्रों में 34 केंद्र यानी कुल संख्या का 42.5 प्रतिशत अकेले मुंबई में है।” देश की वित्तीय राजधानी मुंबई ने 2025 के 31 केंद्रों की तुलना में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिहाज से हैदराबाद दूसरे स्थान पर है, जहां कुल केंद्रों की संख्या 2025 के 11 से बढ़कर सितंबर तिमाही में 15 हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *