अर्थ

भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द हो सकती है फाइनल, पीयूष गोयल ने दिया अपडेट

डेस्क: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील जल्द ही फाइनल हो सकती है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पूरी होने के करीब है. दोनों देश अब इस समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और उसके रोडमैप पर आगे बढ़ रहे हैं. गोयल ने इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 में वर्चुअली कहा कि ट्रेड डील को फाइनल करने में अब तक सबसे बड़ी परेशानी इसकी प्रक्रिया और आगे बढ़ने के रास्ते को लेकर थी. अब इस दिशा में प्रोग्रेस हो रही है और समझौते की तस्वीर साफ होती दिख रही है.
इस बीच अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर 25% टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. अमेरिका ने यह प्रस्ताव अपने सेक्शन 301 जांच के बाद दिया है. इस जांच में अमेरिकी प्रशासन ने भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता और औद्योगिक ढांचे को लेकर सवाल उठाए हैं. हालांकि, भारत ने अमेरिका के इस आकलन को खारिज कर दिया है. भारत का कहना है कि उसके मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में ऐसी कोई संरचनात्मक उत्पादन क्षमता नहीं है.

अमेरिका की ओर से प्रस्तावित टैरिफ दर कई दूसरे एशियाई देशों के मुकाबले ज्यादा है. अमेरिका ने बांग्लादेश, कंबोडिया और इंडोनेशिया के लिए 18% टैरिफ का प्रस्ताव दिया है. वहीं, वियतनाम के साथ व्यापार समझौता होने पर वहां से आने वाले सामान पर 20% टैरिफ लग सकता है. चीन के लिए भी 20% टैरिफ का प्रस्ताव है. हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव कम करने के लिए हुआ समझौता 10 जनवरी को खत्म होने वाला है. अगर यह समझौता टूटता है तो चीन पर टैरिफ बढ़कर 40% तक पहुंच सकता है. इसके अलावा, चीन पर पहले से लागू करीब 25% अमेरिकी शुल्क भी जारी रहेंगे.
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के मुताबिक, अगर भारत और अमेरिका के बीच आपसी व्यापार को लेकर समझौता हो जाता है तो भारतीय सामान पर प्रस्तावित 25% टैरिफ घटाकर 17% किया जा सकता है. ऐसा होने पर भारतीय निर्यातकों को कई एशियाई देशों के मुकाबले कम टैरिफ का फायदा मिल सकता है.
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना हुआ है. चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत ने अमेरिका को 59.52 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया. पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 52 अरब डॉलर था. यानी इस दौरान भारत का अमेरिका को निर्यात बढ़ा है. ऐसे में दोनों देशों के बीच ट्रेड डील होने से भारतीय कारोबारियों और निर्यातकों को बड़ा फायदा मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *