राष्ट्रीय

दिल्ली में साइबर अपराध के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिक मुक्त कराए गए

डेस्क: आकर्षक नौकरी का लालच देकर भारत लाए गए इंडोनेशिया और मलेशिया के 164 विदेशी नागरिक कथित तौर पर साइबर गुलामी के एक गिरोह के चंगुल में फंस गए। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत पहुंचते ही उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए, आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई और उन्हें अपने ही देशों के लोगों को ठगने के लिए फर्जी फोन कॉल करने पर मजबूर किया गया।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इन विदेशी नागरिकों को पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों में रखा गया था, जहां उन्हें कथित तौर पर घटिया भोजन दिया जाता था। काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी के कथित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं।
इस मामले में मलेशिया के 25 वर्षीय नागरिक तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया के लोगों को निशाना बनाता था। उन्हें भारत में आकर्षक वेतन और बेहतर संभावनाओं वाली नौकरी देने का लालच दिया जाता था। भारत पहुंचते ही उनकी मुश्किलें शुरू हो जाती थीं।
पुलिस ने बताया कि भारत पहुंचने पर उनके पासपोर्ट ले लिए जाते थे, जिससे पहचान संबंधी दस्तावेजों के अभाव में उनके लिए वहां से निकलना मुश्किल हो जाता था। इसके बाद उन्हें पीजी आवासों में भेजकर कथित तौर पर साइबर गुलामों के रूप में काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्य काम करने से इनकार करने या विरोध करने वालों के साथ कथित तौर पर मारपीट करते थे, ताकि वे उनकी बात मानें। अब तक की जांच में करीब दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी मिली है।
अधिकारी ने बताया कि इन आवासों में रहने की स्थिति भी खराब थी और विदेशी नागरिकों को घटिया भोजन दिया जाता था। उन्हें पीजी आवासों से साइबर धोखाधड़ी के कॉल सेंटर तक लाने-ले जाने के लिए करीब 40 टैक्सियों का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन उन्हें अकेले बाहर जाने या अपनी मर्जी से कहीं आने-जाने की अनुमति नहीं थी। अधिकारी ने कहा, ”टैक्सियों का कथित तौर पर इस्तेमाल उन्हें कॉल सेंटर ले जाने और वापस आवासों तक पहुंचाने के लिए किया जाता था, ताकि उनकी आवाजाही गिरोह के संचालकों के नियंत्रण में रहे।”
विदेशी नागरिकों से केवल कंप्यूटर और मोबाइल फोन चलाने का काम ही नहीं कराया जाता था, बल्कि उन्हें साइबर धोखाधड़ी के एक खास तरीके का प्रशिक्षण भी दिया जाता था। उन्हें लिखित संवाद दिए जाते थे, जिनका इस्तेमाल संभावित पीड़ितों से बातचीत के दौरान करना होता था। गिरोह मुख्य रूप से मलेशिया और इंडोनेशिया के लोगों को निशाना बनाता था। इसके सदस्य कथित तौर पर महिलाओं के फर्जी नाम और सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर अनजान लोगों से संपर्क करते थे।
अधिकारी ने बताया, ”इन प्रोफाइल के जरिये विदेशी नागरिकों को बातचीत शुरू करने, ऑनलाइन संबंध विकसित करने और धीरे-धीरे लोगों का विश्वास जीतने के निर्देश दिए जाते थे। विश्वास कायम होने के बाद पीड़ितों को फर्जी ट्रेडिंग और निवेश मंचों के जरिये पैसा लगाने के लिए राजी किया जाता था।” गिरोह कथित तौर पर वेबसाइट और एपीके आधारित ऐप का इस्तेमाल कर लोगों को ऊंचे रिटर्न का लालच देता था। पीड़ितों को लगता था कि वे वैध वित्तीय योजनाओं में निवेश कर रहे हैं, जबकि उनका पैसा कथित तौर पर धोखाधड़ी के नेटवर्क के जरिये निकाल लिया जाता था।
अधिकारी ने कहा, ”करीब एक सप्ताह पहले अपराध शाखा को इस कथित साइबर गुलामी गिरोह के बारे में ईमेल के जरिये सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने इसके बारे में खुफिया जानकारी जुटानी शुरू की।” शुरुआती जानकारी के अनुसार, साइबर धोखाधड़ी के इस काम में करीब 60 से 70 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम कराया जा रहा था। संदिग्ध ठिकाने पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान उनकी वास्तविक संख्या इससे काफी अधिक निकली।
अभियान में 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया, जिससे कथित गिरोह के व्यापक स्तर का पता चला। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि विदेशी नागरिकों की भर्ती कैसे की गई, उन्हें भारत लाने में किसने मदद की और उनके पासपोर्ट किस तरह जब्त किए गए। अधिकारी ने कहा, ”पूरी जांच के दौरान सुनील कुमार और सुशील भाटी के नाम सामने आए हैं। भाटी पीजी आवास और परिवहन की व्यवस्था करता था। दोनों फरार हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
पुलिस ने बताया कि कुमार और भाटी के कथित तौर पर संचालित कुछ बैंक खातों की पहचान की गई है जिनका इस्तेमाल गिरोह के किराये और अन्य परिचालन खर्चों के भुगतान के लिए किया जाता था। धन के लेन-देन की जांच की जा रही है, ताकि पैसे के प्रवाह, लाभार्थियों और कथित साइबर धोखाधड़ी से अर्जित रकम का पता लगाया जा सके। गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई, जो नेगेरी सेम्बिलान का निवासी है, से गिरोह में उसकी कथित भूमिका, अन्य सदस्यों के साथ उसके संबंधों और फर्जी मंचों के संचालन में उसकी संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने इस गिरोह के संचालन में कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे डिजिटल उपकरणों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। इसमें 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट शामिल हैं। जब्त 355 मोबाइल फोन में से 335 पुराने या इस्तेमाल किए हुए हैं, जबकि 20 फोन सीलबंद पैकेट में मिले। जब्त 53 सिम कार्ड में 31 अंतरराष्ट्रीय और 22 भारतीय कनेक्शन वाले हैं। बरामद पासपोर्ट में 95 इंडोनेशिया और 79 मलेशिया के नागरिकों के हैं। पुलिस ने सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।
जांचकर्ता इन उपकरणों की पड़ताल कर रहे हैं, ताकि पीड़ितों की पहचान की जा सके, गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए गए संचार माध्यमों का पता लगाया जा सके और फर्जी निवेश मंचों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जा सके। इस मामले में अपराध शाखा थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और कथित मानव तस्करी एवं साइबर धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *