संस्कृत विश्वविद्यालय में तैयारी जोरों पर, मिनट टू मिनट जारी
05 दिसम्बर को शिक्षा शास्त्र विभाग परिसर में होगा 8वा समारोह
दरभंगा।कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में 05 दिसम्बर को आयोजित होने वाले आठवें दीक्षांत समारोह की तैयारी काफी जोरों से चल रही है। पूरा कार्यक्रम शिक्षा शास्त्र विभाग के परिसर में होना है। समारोह की अध्यक्षता माननीय कुलाधिपति सह राज्यपाल ले.ज.(रि.) सैयद अता हसनैन जी करेंगे। इसी बीच लोक भवन, पटना ने कल ही कार्यक्रम के मिनट टू मिनट यानी पूरे शिड्यूल पर अपनी आधिकारिक सहमति दे दी है। एडीसी द्वारा जारी इस शिड्यूल के मुताबिक दीक्षांत समारोह में मा. कुलाधिपति की दो घण्टे 35 मिनट तक मौजूदगी रहेगी।
उक्त जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि मिनट टू मिनट के साथ साथ मंचीय आसन व्यवस्था भी स्पष्ट कर दिया गया है। मंच पर मा. कुलाधिपति के संग अगली पंक्ति में दीक्षांत भाषण कर्ता भारतीय भाषा समिति , नई दिल्ली के अध्यक्ष पद्मश्री श्री चामू कृष्ण शास्त्री, उच्च शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय एवं मा. कुलाधिपति की सचिव श्रीमती रचना पाटिल बैठेंगे। वहीं, पीछे की दूसरी पंक्ति में मा. कुलाधिपति के ओएसडी व एडीसी की कुर्सी लगेगी। लोक भवन का स्पष्ट निर्देश है कि इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
इस तरह रहेगा मिनट टू मिनट का ब्यौरा
आठवें दीक्षांत समारोह के दिन पूर्वाह्न 11.30 बजे कुलाधिपति संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर जाएंगे। गार्ड ऑफ ऑनर के पश्चात 11.50 में दीक्षांत शोभा यात्रा व मंच पर आसीन, 11.55 से 58 के बीच राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति, करीब 12 बजे दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन, अपराह्न 12.01 में विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति, 12.05 में कुलसचिव डॉ दिनेश झा द्वारा मा. कुलाधिपति से कार्यक्रम शुरू करने की अनुमति मांगी जाएगी यानी समारोह की विधिवत शुरुआत होगी। 12.08 में कुलपति प्रो. पांडेय स्वागत भाषण देंगे और साथ ही प्रगति रिपोर्ट भी जारी करेंगे। 12.18 में श्री चामू कृष्ण शास्त्री द्वारा दीक्षांत भाषण दिया जाएगा। वहीं, 12.28 बजे शिक्षा मंत्री अपना उद्गार व्यक्त करेंगे। 12.38 में डीन प्रो. पुरेन्द्र वारीक द्वारा प्रदान होने वाली उपाधि सम्बन्धी प्रस्तुति, 12.48 में दीक्षा वाक्य की घोषणा यानी शपथ कार्यक्रम होगा। 12.51 बजे गोल्ड मेडल पानेवाले 39 पीजी छात्रों को कुलाधिपति द्वारा बधाई व शुभकामनाएं दी जाएगी। 1.10 में मुख्य अतिथि मा. कुलाधिपति द्वारा अध्यक्षीय भाषण होगा। 1.25 में कुलसचिव द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा और 1.27 में उनके द्वारा मा. कुलाधिपति से समारोह समापन करने की अनुमति मांगी जाएगी। इसके बाद 1.28 से 31 बजे के बीच राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रीय गान होगा। पुनः 1.32 में शोभा यात्रा की वापसी होगी और 1.35 में भोजनादि पश्चात 2.05 में मा. कुलाधिपति लोक भवन, पटना के लिए विश्वविद्यालय परिसर से रवाना होंगे।



