खेल

IND vs NZ: मोर्ने मोर्कल ने अंशुल कंबोज का किया बचाव, सिराज और गुरनूर बराड़ पर भी दिया बड़ा अपडेट

डेस्क: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का खुलकर बचाव किया है। पहले टेस्ट में कम गति से गेंदबाजी करने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे कंबोज के समर्थन में मोर्कल ने कहा कि इसके लिए युवा गेंदबाज को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है, क्योंकि पिच की स्थिति भी इसकी बड़ी वजह थी।

अंशुल कंबोज की आलोचना को मोर्कल ने बताया गलत
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में अंशुल कंबोज ने दोनों पारियों में कुल 45 ओवर गेंदबाजी की थी। हालांकि, दूसरे और तीसरे स्पेल के दौरान उनकी रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे से भी कम हो गई थी। गेंदबाजी में ज्यादा विविधता नहीं दिखने के कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
मोर्ने मोर्कल ने दूसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर कंबोज का बचाव करते हुए कहा, ‘अंशुल ने शानदार प्रदर्शन किया। बाहर से देखकर अंदाजा लगाना काफी मुश्किल है। अगर आप ड्रेसिंग रूम में बैठकर मैच देख रहे हैं और विकेटकीपर को दो मीटर लंबे गेंदबाज के लिए स्टंप के सामने खड़ा होना पड़े, तो यह चिंताजनक है।’
‘हमें अंशुल का समर्थन करना चाहिए’
भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा कि कंबोज की आलोचना करने के बजाय टीम को उनका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि युवा तेज गेंदबाज ने मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम को मैच पर नियंत्रण दिलाने की कोशिश की। मोर्कल ने कहा, ‘अंशुल की आलोचना करना सही नहीं है, क्योंकि उसने हमें मैच पर नियंत्रण दिलाया। हमें उस खिलाड़ी का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि वह तब गेंदबाजी करता है जब परिस्थितियां मुश्किल होती हैं।’
सभी भारतीय तेज गेंदबाज फिट, दूसरे टेस्ट के लिए जल्द होगा फैसला
मोर्कल ने भारतीय टीम के गेंदबाजी विभाग को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने साफ किया कि टीम के सभी तेज गेंदबाज फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। हालांकि, दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन को लेकर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘सभी गेंदबाज फिट और उपलब्ध हैं और हम कल इस बारे में फैसला लेंगे।’
मोहम्मद सिराज को लेकर मोर्कल ने कही बड़ी बात
पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने के बाद काफी चर्चा हुई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मोर्कल ने कहा कि सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने प्रदर्शन का आकलन करके सुधार की संभावनाओं पर काम करना होगा। मोर्कल ने कहा, ‘सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। कभी-कभी कठिन फैसले लेने पड़ते हैं। मैंने उनसे बातचीत में कहा कि हमें यह देखना होगा कि हम कहां सुधार कर सकते हैं। टीम के चयन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है।’
गुरनूर बराड़ भी टीम में जगह बनाने के मजबूत दावेदार
मोर्कल ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गुरनूर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में जगह बनाने के लिए तैयार हैं। कोच के मुताबिक, उन्हें भविष्य में मिलने वाले किसी भी मौके के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा, ‘गुरनूर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में जगह बनाने के लिए तैयार हैं। उन्हें बस मौका मिलते ही तैयार रहने की जरूरत है। मेरा काम उन्हें पूरी तरह से तैयार रखना है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *