डेस्क:अनन्या पांडे की पॉपुलर सीरीज ‘कॉल मी बे’ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। इसके दूसरे सीजन में बे की जिंदगी में रोमांस के साथ कई नए उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। इस बार कहानी में प्यार का नया मोड़ आने वाला है, जहां बे के सामने नील और अगस्त्य के रूप में दो अलग-अलग शख्सियतें होंगी। प्राइम वीडियो ने सीरीज के नए सीजन को लेकर जानकारी साझा की है। खास बात यह है कि इस बार कहानी में लव ट्राएंगल देखने को मिलेगा, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
नील और अगस्त्य के बीच किसे चुनेगी बे?
‘कॉल मी बे 2’ में अनन्या पांडे एक बार फिर बे के किरदार में नजर आएंगी। इस बार उनकी लव लाइफ में नई उलझनें देखने को मिलेंगी। गुरफतेह पीरजादा के नील और विहान समत के अगस्त्य के बीच बे की भावनाएं किस तरफ जाती हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। दोनों किरदारों का अपना अलग अंदाज है और इसी वजह से बे के लिए सही फैसला लेना आसान नहीं होने वाला। सीरीज में रोमांस, भावनाओं और रिश्तों की उलझनों को नए अंदाज में दिखाया जाएगा। अब दर्शकों के सामने भी सवाल है कि वे नील और अगस्त्य में से किसकी टीम को सपोर्ट करेंगे।
श्रुति कमल हासन की भी हुई एंट्री
नए सीजन में पिछली बार की पसंदीदा स्टारकास्ट की वापसी हो रही है। अनन्या पांडे के अलावा गुरफतेह पीरजादा, विहान समत, वीर दास, वरुण सूद, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके साथ ही श्रुति कमल हासन भी इस बार टैलेंट टीम का हिस्सा बनी हैं।
करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी है सीरीज
इस सीरीज को धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले तैयार किया गया है। करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता इसके निर्माता हैं, जबकि सोमेन मिश्रा और कॉलिन डी’कुन्हा ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। सीरीज की परिकल्पना इशिता मोइत्रा ने की है। उन्होंने समीना मोटलेकर, रोहित नायर और नित्तल चंदराना के साथ मिलकर इसकी कहानी लिखी है।
इस दिन रिलीज होगा ‘कॉल मी बे 2’
‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन का प्रीमियर 17 दिसंबर 2026 को होगा। दर्शक इसे प्राइम वीडियो पर एक्सक्लूसिव देख सकेंगे। यह सीरीज भारत के साथ दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज की जाएगी। अब देखना होगा कि बे की नई रोमांटिक कहानी और नील-अगस्त्य के बीच की टक्कर दर्शकों को कितनी पसंद आती है।



