मनोरंजन

Exclusive Interview: ”प्रताप” में मसालेदार दृश्यों से ज्यादा किरदारों की सच्चाई पर दिया ध्यान: सचिन सराफ

डेस्क: सिनेमाघरों में रिलीज हुई अमित साध की फिल्म ‘प्रताप’ इन दिनों चर्चा में है। सचिन सराफ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमित साध एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पूरी तरह बदल जाती है। फिल्म के जरिए पुलिस व्यवस्था, राजनीति, मीडिया और न्याय प्रणाली से जुड़े कई गंभीर पहलुओं को उठाया गया है। एक्शन, सस्पेंस और भावनात्मक संघर्ष से भरपूर इस फिल्म में अमित साध के साथ ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुनाजी, सीमा बिस्वास और दुष्यंत वाघ भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म के बारे में अमित साध और डायरेक्टर सचिन सराफ ने पंजाब केसरी/नवोदय टाइम्स से खास बातचीत की।

अमित साध
सवाल: आपकी हर फिल्म और वेब सीरीज में आपके काम को पसंद किया जाता है। इसके पीछे क्या राज है?
अमित साध: सबसे पहले तो मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे ऐसी फिल्में मिल रही हैं और दर्शकों के साथ मेरा जुड़ाव बना हुआ है। मैं आज भी एक्टर हूं, मुझे काम मिल रहा है और अपनी फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिल रहा है। सचिन सर जैसे निर्देशक हैं, जो मुझे समझते हैं और ऐसे किरदार देते हैं। इसके लिए मैं अपने प्रोड्यूसर्स का भी आभारी हूं।
सवाल: क्या आप अक्षय कुमार की इस बात से सहमत हैं कि सफलता में 70 प्रतिशत किस्मत और 30 प्रतिशत मेहनत का योगदान होता है?
अमित साध: अक्षय सर ने कहा है तो मैं उनसे 100 प्रतिशत सहमत हूं। हालांकि, मेरा मानना है कि किस्मत के लिए आपका इरादा भी मजबूत होना चाहिए। मेरे कमरे की दीवार पर एक लाइन लिखी है- ‘लक इज अ फंक्शन ऑफ इंटेंट’। यानी जब आपका इरादा सही होता है, तभी किस्मत भी आपका साथ देती है।
सवाल: ‘प्रताप’ की कहानी सुनते ही आपके मन में क्या आया? क्या आपने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दी थी?
अमित साध: मैं किसी स्क्रिप्ट का इंतजार ऐसे करता हूं, जैसे कोई पतंग कटकर आए और मैं उसे पकड़ लूं। मैं स्क्रिप्ट पढ़ने में ज्यादा समय नहीं लगाता। सचिन सर ने मुझे फिल्म के लिए चुना और मुझ पर भरोसा किया, यह मेरे लिए बड़ी बात थी। आमतौर पर इंडस्ट्री में किसी एक्टर को स्क्रिप्ट भेजने के बाद जवाब आने में कई महीने लग जाते हैं, लेकिन इस फिल्म के लिए मैंने 24 घंटे के भीतर ही अपना फैसला बता दिया था। उस समय मेरा जन्मदिन था और मैं यूरोप जाने के लिए निकला था। वहां पहुंचने के बाद मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी और सचिन सर को फोन करके बता दिया कि मैं यह फिल्म कर रहा हूं।

सवाल: कई फिल्मों में नकारात्मक और टॉक्सिक किरदारों को ग्लैमराइज किया जाता है। ऐसे किरदार चुनते समय आप किन बातों का ध्यान रखते हैं?
अमित साध: मेरे कुछ सिद्धांत हैं और मेरी 15 साल की फिल्मोग्राफी में यह साफ दिखाई देता है कि मैं किस तरह की फिल्में करना चाहता हूं। स्क्रिप्ट पढ़ते समय ही मैं तय कर लेता हूं कि कौन-सा किरदार मुझसे हो पाएगा और कौन-सा नहीं। मैं किसी स्क्रिप्ट या किरदार की बुराई नहीं करता, बस विनम्रता से मना कर देता हूं। दुनिया में हर तरह के रंग और भाव हैं। गुस्सा और नकारात्मकता भी जिंदगी की सच्चाई हैं, लेकिन मैं वही किरदार करना चाहता हूं, जिसे निभाते हुए मैं सहज महसूस करूं। अगर कोई काम करते हुए मुझे खुद से ही घिन आने लगे, तो मैं सोचता हूं कि आखिर उसे क्यों कर रहा हूं। मैं छह महीने और इंतजार कर सकता हूं, शायद इस बीच कोई अच्छी स्क्रिप्ट आ जाए।
सवाल: आपने कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। क्या कोई खास जॉनर आपका कम्फर्ट जोन है?
अमित साध: मैं जिंदगी को कम्फर्ट जोन के नजरिए से नहीं देखता। मुझे बस सेट पर रहना और काम करना पसंद है। मेरे पास जब कोई कहानी आती है और मुझे लगता है कि यह किरदार मुझे करना चाहिए, तो मैं उसे चुन लेता हूं। हालांकि, दर्शक मुझे कुछ खास तरह के किरदारों में देखना पसंद करते हैं। मैंने ‘दुरंगा’ में नेगेटिव किरदार निभाने का प्रयोग किया था। एक अभिनेता के तौर पर मैं अलग-अलग चीजें आजमाना चाहता था, लेकिन उस सीरीज के बाद कई दर्शकों ने मुझे मैसेज करके कहा कि वे मुझे ऐसे किरदार में नहीं देखना चाहते। इससे मुझे सोचने का मौका मिला कि हर अभिनेता से हर तरह का किरदार निभाने की उम्मीद करना भी जरूरी नहीं है।
सवाल: आप खुद को हीरो के बजाय एक्टर कहते हैं। क्या कभी सुपरस्टार बनने की इच्छा नहीं हुई?
अमित साध: मैं हीरो बनने नहीं आया हूं, मैं एक्टर हूं। हीरो तो कहानी होती है। सुपरस्टार बनने का सपना लेकर कोई नहीं आता। लोग लगातार काम करते हैं और अपने अनुशासन से उस मुकाम तक पहुंचते हैं। मैंने शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे कलाकारों को काम करते हुए देखा है। शाहरुख सर को रात डेढ़ बजे भी शूटिंग करते देखा है। अमिताभ बच्चन सर सेट पर अपने शॉट के बाद भी अगली लाइन की तैयारी करते रहते थे। उनसे मैंने सीखा कि सिर्फ सेट पर पहुंचना काफी नहीं है, वहां अपने काम पर पूरी तरह ध्यान देना भी जरूरी है। मेरे लिए सबसे अहम है कि मैं ईमानदारी से अपना काम करूं और अपने सिद्धांतों पर कायम रहूं।
सवाल: फिल्म इंडस्ट्री में कई बार काम न मिलने या रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है। ऐसे दौर में खुद को कैसे संभालते हैं?
अमित साध: मेरी जिंदगी में कोई लो नहीं है। जब काम होता है तो मैं काम करता हूं और जब काम नहीं होता, तब मैं खुद पर काम करता हूं। मेरे लिए खाली समय भी खुद को बेहतर बनाने का मौका है।

सवाल: आपने हाल ही में किसी दूसरे कलाकार की ऐसी परफॉर्मेंस देखी, जिसे देखकर लगा हो कि काश यह किरदार आपने निभाया होता?
अमित साध: अक्षय खन्ना सर की परफॉर्मेंस देखकर मुझे हमेशा बहुत अच्छा लगता है। मैं उन्हें किसी भी किरदार में देखता हूं तो सोचता हूं कि शायद मैं यह नहीं कर पाता। ‘दिल चाहता है’ में उनका काम मुझे बहुत पसंद आया। मैंने वह फिल्म कई बार सिर्फ उन्हें देखने के लिए देखी है। उनकी अदाकारी में एक अलग तरह की सहजता है। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं और उनके काम का प्रशंसक हूं।

सचिन सराफ 
सवाल: अमित को इस किरदार के लिए चुनने की क्या वजह रही?
सचिन सराफ: अमित बहुत वर्सेटाइल और खुद को किरदार के अनुसार ढालने वाले अभिनेता हैं। वह नेगेटिव, डार्क, हीरो या विलेन, हर तरह के किरदार निभा सकते हैं। एक निर्देशक के तौर पर मुझे ऐसे अभिनेता की जरूरत थी, जो किरदार को पूरी तरह से पर्दे पर उतार सके। अमित ने मेरी पहली फिल्म के लिए हां कहा, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
सवाल: फिल्म की कहानी लिखते और निर्देशित करते समय क्या आपने ऐसे मसालेदार दृश्यों के बारे में सोचा, जिन पर दर्शक तालियां और सीटियां बजाएं?
सचिन सराफ: यह पूरी तरह फिल्म की कहानी और उसके मिजाज पर निर्भर करता है। मैंने पहले भी कमर्शियल फिल्में की हैं और मुझे पता है कि ऐसे दृश्यों को कैसे तैयार किया जाता है। लेकिन ‘प्रताप’ बनाते समय मैंने जानबूझकर इस तरह की सोच को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। मेरी कोशिश थी कि किरदार और उसकी कहानी असली लगे। दर्शक उसमें अपने आसपास के लोगों की झलक देख सकें। हर किसी के परिवार या रिश्तेदारी में कोई न कोई ऐसा व्यक्ति होता है, जो किसी ताकतवर पद पर बैठा होता है। वह सरपंच हो सकता है या पुलिस अधिकारी। मैं चाहता था कि लोग किरदारों से जुड़ें। अगर हम इसमें सिर्फ मनोरंजन के लिए मसालेदार दृश्य या आइटम नंबर डालते, तो शायद फिल्म को शुरुआती फायदा मिलता, लेकिन कहानी का असर लंबे समय तक नहीं रहता।
सवाल: फिल्म में कई बेहतरीन कलाकार नजर आ रहे हैं। कास्टिंग करते समय आपकी प्राथमिकता क्या रही?
सचिन सराफ: मेरे हिसाब से कलाकार ही सिनेमा में जादू पैदा करते हैं। लेखक स्क्रिप्ट में कई परिस्थितियां और दृश्य लिखता है, लेकिन पर्दे पर दर्शकों के साथ जुड़ाव अभिनेता अपने अभिनय से बनाता है। कोई दृश्य कितना भी अच्छा लिखा हो, अगर कलाकार उसमें विश्वास के साथ परफॉर्म नहीं करेगा, तो वह दर्शकों से कनेक्ट नहीं कर पाएगा। इसलिए सही किरदार के लिए सही कलाकार चुनना बहुत जरूरी है। फिल्म में सिर्फ पोस्टर पर नजर आने वाले कलाकार ही नहीं, बल्कि छोटे किरदार निभाने वाले कलाकारों ने भी अच्छा काम किया है। हमने कास्टिंग पर काफी समय दिया है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *