अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान पहुंचते ही बांग्लादेश के स्पीकर ने भारत के खिलाफ उगला जहर , 1971 की जंग में मदद न करने का लगाया आरोप

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) की मेहमाननवाजी के बीच बांग्लादेश (Bangladesh) की संसद (Parliament) के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद (Speaker Hafiz Uddin Ahmed) ने भारत (India) को लेकर विवादित बयान दिया है। इस्लामाबाद में उन्होंने 1971 के युद्ध के दौरान भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने बंगालियों की मदद नहीं की थी, बल्कि उसका मकसद पाकिस्तान को कमजोर करना था। उनके इस बयान से भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को इस्लामाबाद स्थित संसद भवन का दौरा करने के दौरान अहमद ने 1971 के युद्ध और ढाका के पतन से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना के 15 साल के शासनकाल में बांग्लादेश भारत का एक तरह से ‘उपनिवेश’ बन गया था और इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ा। गौरतलब है कि हाफिज उद्दीन अहमद पाकिस्तानी सेना में कैप्टन रह चुके हैं। उन्होंने 1971 के युद्ध में हिस्सा लिया था। बाद में बांग्लादेश में उन्हें उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित भी किया गया।
बोले- बंगालियों को नहीं मिला उनका लोकतांत्रिक अधिकार
बांग्लादेशी स्पीकर ने 1971 के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बंगाली लोकतंत्र और अपने अधिकारों की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं दिया गया। उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान की संसदीय व्यवस्थाओं की तुलना करते हुए कहा कि बांग्लादेश में 1975 में एकदलीय व्यवस्था लागू कर दी गई थी। अहमद ने इस बात पर अफसोस जताया कि देश में वास्तविक लोकतंत्र स्थापित नहीं हो सका। हालांकि, उन्होंने फरवरी 2026 में हुए बांग्लादेश के आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बताया। उनके मुताबिक, देश की जनता तानाशाही को खारिज कर लोकतांत्रिक व्यवस्था चाहती है।

शेख हसीना की वापसी पर भी भारत को घेरा
हाफिज उद्दीन अहमद ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के मुद्दे पर भी भारत को निशाने पर लिया। शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं। अहमद ने कहा कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें सीधे जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने हसीना की वापसी से जुड़े बयानों को उनके समर्थकों को भरोसा दिलाने की कोशिश बताया। साथ ही दावा किया कि अगले कम से कम 10 साल तक उनके बांग्लादेश लौटने की संभावना नहीं है।
अहमद ने शेख हसीना पर ऐसे देश में शरण लेने का आरोप भी लगाया, जिसे उन्होंने मुसलमानों के लिए शत्रुतापूर्ण बताया। बांग्लादेश लगातार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करता रहा है। स्पीकर ने कहा कि यदि भारत उन्हें वापस नहीं करता है तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) का रुख कर सकता है। हालांकि, उन्होंने इस संभावित कदम के लिए कोई कानूनी आधार स्पष्ट नहीं किया। वहीं, भारत की ओर से कहा गया है कि प्रत्यर्पण से जुड़े अनुरोध की सक्षम अधिकारी लागू कानून और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कर रहे हैं।
अवामी लीग को बताया आतंकवादी पार्टी, कश्मीर पर पाकिस्तान का समर्थन
बांग्लादेशी स्पीकर ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर भी हमला बोला और उसे ‘आतंकवादी पार्टी’ करार दिया। अगस्त 2024 में हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद से यह पार्टी देश के राजनीतिक घटनाक्रम के केंद्र में रही है। अंतरिम सरकार पहले ही अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगा चुकी है। फरवरी 2026 के आम चुनाव में भी पार्टी को हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई थी। अहमद ने बांग्लादेश के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को तानाशाही के खिलाफ संघर्ष बताते हुए कहा कि देश की जनता लोकतंत्र चाहती है।
कश्मीर मुद्दे पर भी उन्होंने पाकिस्तान के रुख का समर्थन किया। अहमद ने कहा कि कश्मीर विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (IPU) की कार्यकारी समिति के लिए बांग्लादेश के उम्मीदवार का समर्थन करने पर पाकिस्तान की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ढाका और इस्लामाबाद के संबंध और मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *