डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) की अपील के बावजूद यूक्रेन (Ukraine) रूसी तेल रिफाइनरियों (Russian oil refineries) को लगातार निशाना बना रहा है। इन हमलों पर नाराजगी जताते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने पुतिन को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि अगर उन्हें अपनी रिफाइनरियों पर हमले पसंद नहीं हैं, तो वे यूक्रेन के खिलाफ युद्ध खत्म करने का आदेश दे सकते हैं। सिबिहा ने साफ किया कि युद्ध समाप्त होते ही ऐसे हमले भी रुक सकते हैं।
पुतिन ने दी थी बदले की चेतावनी
दरअसल, यूक्रेन के हमलों को लेकर पुतिन ने मंगलवार को क्रेमलिन में सरकारी अधिकारियों और तेल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की अपील के बावजूद यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले कर रहा है। रूस इन हमलों का जवाब देगा और बदला लेना जरूरी है।
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि रूस की ओर से जवाबी कार्रवाई की जाएगी और सभी को इस बात का पता होना चाहिए। उनके इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच जुबानी टकराव और तेज हो गया।
सिबिहा बोले- शिकायत करना बंद करें, युद्ध खत्म करें
पुतिन की चेतावनी पर यूक्रेन के विदेश मंत्री सिबिहा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि रूसी राष्ट्रपति को अपनी तेल रिफाइनरियों पर हमले मंजूर नहीं हैं, तो उन्हें युद्ध समाप्त करने का आदेश देना चाहिए। सिबिहा ने यह भी कहा कि जब तक रूस युद्ध जारी रखेगा, यूक्रेन रूसी सैन्य जहाजों को निशाना बनाता रहेगा।
उन्होंने पुतिन पर रूसी सेना के भारी नुकसान को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। सिबिहा के दावे के मुताबिक, इस साल रूस ने युद्ध के मैदान में 4 लाख 32 हजार सैनिक खोए हैं, लेकिन इसके बावजूद सैन्य अभियान के लक्ष्यों में कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति को अपने सैनिकों के नुकसान की चिंता नहीं है। सिबिहा ने पुतिन से शिकायतें बंद कर युद्ध खत्म करने को कहा।
रूस को 14 लाख सैनिकों के हताहत होने का दावा
फरवरी 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला शुरू करने के बाद से रूस को भारी नुकसान होने के दावे किए जाते रहे हैं। सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) ने जुलाई में जारी अपने आकलन में अनुमान जताया था कि फरवरी 2022 से जून 2026 के बीच करीब 14 लाख रूसी सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हो गए।
रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में रूसी सेना को हर महीने 30 हजार से अधिक सैनिकों के हताहत होने का सामना करना पड़ा। ये आंकड़े संस्थान के आकलन पर आधारित हैं।
रूस के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर यूक्रेन के हमले तेज
हाल के हफ्तों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े ठिकानों पर हमले बढ़ाए हैं। इनमें क्रीमिया ब्रिज को नुकसान पहुंचाने, बाल्टिक सागर में रूसी कार्गो जहाज को निशाना बनाने और लीबिया के एक बंदरगाह पर रूस के नए जहाज को नष्ट करने जैसी घटनाएं शामिल हैं।
यूक्रेन की ओर से रूसी तेल रिफाइनरियों और ईंधन उत्पादन से जुड़ी सुविधाओं पर भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। इसी महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया था कि यूक्रेन के लंबी दूरी के हमलों के कारण रूस की 55 फीसदी से अधिक तेल रिफाइनिंग क्षमता प्रभावित हुई है। उन्होंने इन हमलों को रूस की ओर से तनाव कम करने से इनकार करने और यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर लगातार किए जा रहे हमलों का जवाब बताया था।
ट्रंप ने भी जेलेंस्की से की थी हमले रोकने की अपील
सितंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने को कहा था। ट्रंप का तर्क था कि इन हमलों का असर केवल रूस तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक ईंधन आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा था कि ईंधन की कमी के कारण अमेरिका में डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं।
उस समय मॉस्को ने ट्रंप की अपील का स्वागत किया था। हालांकि, इसके बावजूद यूक्रेन ने रूसी तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाना जारी रखा। अब पुतिन की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी और सिबिहा के तीखे बयान से दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है।



