अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका में तूफान का कहर: हजारों उड़ानें प्रभावित, सात लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल

डेस्क: अमेरिका (US) के पूर्वी हिस्से में थैंक्सगिविंग (Thanksgiving) के दौरान एक भीषण तूफान (Severe storm) आया। इस तूफान की वजह से 7,24,000 से अधिक ग्राहकों के घरों की बिजली (power) कट गई, कई जगहों पर बाढ़ आ गई, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और छुट्टियों के दौरान होने वाली यात्राएं बाधित हुईं। यह जानकारी सीएनएन के अनुसार है।
मिसौरी से लेकर न्यूयॉर्क तक फैले इस तूफान के कारण मिड-अटलांटिक और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं, जबकि मिडवेस्ट के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई। कई तटीय इलाकों में जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया, जहां आपातकालीन सेवाएं बाढ़ और तूफान से हुए नुकसान को संभालने में जुटी रहीं।

सबसे ज्यादा कहां के लिए प्रभावित हुए?
सीएनएन द्वारा उद्धृत ‘पावरआउटेज डॉट यूएस’ के आंकड़ों के अनुसार, वर्जीनिया सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक रहा, जहां 2,00,000 से अधिक ग्राहकों की बिजली गुल हो गई। मैरीलैंड में 1,50,000 से ज्यादा जगहों पर बिजली कटी, जबकि मिसौरी में रात भर हुई बर्फबारी के कारण बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से कम से कम 1,29,000 ग्राहक प्रभावित हुए। पेंसिल्वेनिया में 70,000 से अधिक और न्यू जर्सी में 60,000 से ज्यादा ग्राहकों की बिजली चली गई। प्रभावित अन्य राज्यों में नॉर्थ कैरोलिना, इलिनोइस और डेलावेयर भी शामिल हैं।
कमोडोर बैरी ब्रिज क्यों बंद किया गया?
तूफान के कारण पेन्सिलवेनिया और न्यू जर्सी को जोड़ने वाले मुख्य पुल, ‘कमोडोर बैरी ब्रिज’ को बंद करना पड़ा। तेज हवाओं की वजह से पुल के ट्रैफिक लेन के ऊपर बने काम करने वाले प्लेटफॉर्म को काफी नुकसान पहुंचा था।
सड़क पर सफर करना क्यों असुरक्षित?
डेलावेयर रिवर पोर्ट अथॉरिटी (डीआरपीए) ने बताया कि इस नुकसान के कारण सड़क पर सफर करना असुरक्षित हो गया है। इलाके में 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। हालात सुरक्षित होने पर मरम्मत करने वाली टीमें क्षतिग्रस्त प्लेटफॉर्म को ठीक करने का काम शुरू करेंगी। अथॉरिटी ने कहा कि पुल को “जितनी जल्दी और सुरक्षित तरीके से संभव हो सके”, फिर से खोल दिया जाएगा।
कितनी उड़ानें बाधित हुई?
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, तेज हवाओं, भारी बारिश और तटीय बाढ़ की चेतावनी ने लाखों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बुधवार को 6,000 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं और लगभग 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कार्गो विमान के रनवे से आगे निकल जाने के बाद कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
यह स्थिति ऐसे समय में बनी है जब संघीय विमानन प्रशासन के अनुसार नौ दिनों की थैंक्सगिविंग अवधि में 4,17,000 से ज्यादा उड़ानें संचालित होने का अनुमान है, जो 16 वर्षों में सबसे व्यस्त थैंक्सगिविंग हवाई सफर माना जा रहा है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, मैरीलैंड की मोंटगोमरी काउंटी में गुरुवार सुबह (स्थानीय समय) इमरजेंसी सेवाओं को 300 से ज्यादा कॉल आईं। इनमें घरों पर पेड़ गिरने की दर्जनों घटनाएं शामिल थीं।
मेयर ममदानी ने क्या कहा?
मोंटगोमरी काउंटी फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक पेड़ घर के एक हिस्से पर गिर गया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि, कुछ अन्य घटनाओं में बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) चलाने पड़े; एक मामले में तो पेड़ गिरने की वजह से लोग अपने ही घर के अंदर फंस गए थे। न्यूयॉर्क शहर में भी बाढ़ के कारण बचाव अभियान चलाने पड़े। मेयर जोरान ममदानी ने बताया कि बाढ़ के पानी में अपनी गाड़ियों के अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *