धर्म-ज्योतिष

Kartik Purnima muhurat 2026: इस विशेष संयोग में धरती पर पधारेंगे देवी-देवता, जानें किस समय दीपदान करने से दूर होंगी जीवन की परेशानियां!

डेस्क: सनातन धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली पूर्णिमा तिथि का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे कार्तिक पूर्णिमा के साथ-साथ देव दिवाली (Dev Diwali) के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन दिन पर स्वयं देवी-देवता पृथ्वीलोक पर आकर खुशी मनाते हैं और गंगा घाटों पर दीपदान करते हैं। यदि आप भी वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा की सही तारीख, व्रत, पूजा मुहूर्त और स्नान-दान के समय को लेकर संशय में हैं, तो पढ़ें पूरी जानकारी।

Kartik Purnima Date & Tithi Timing कार्तिक पूर्णिमा 2026: कब है?
पंचांग गणना के अनुसार, इस वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 24 नवंबर 2026, मंगलवार के दिन मनाई जाएगी।
पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ 23 नवंबर 2026, रात्रि 11:42 बजे से हो जाएगा और समापन 24 नवंबर 2026, रात्रि 08:23 बजे होगा।
उदयातिथि के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा का व्रत, स्नान-दान और मुख्य पूजन 24 नवंबर को ही किया जाना सर्वश्रेष्ठ व शास्त्रसम्मत है।
Shubh Muhurat Timings स्नान-दान और पूजा के अति शुभ मुहूर्त 
कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र नदी में स्नान करने और संध्या काल में पूजा व दीपदान करने से जीवन के समस्त पापों का नाश होता है। यदि आप संध्या के शुभ मुहूर्त में चंद्र दर्शन कर चंद्रमा को अर्घ्य देंगे और भगवान श्री हरि विष्णु की आराधना करेंगे, तो मानसिक तनाव और जीवन की तमाम परेशानियां दूर होंगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों मनाई जाती है देव दिवाली
भारतीय सनातन संस्कृति में कार्तिक मास की पूर्णिमा का धार्मिक एवं आध्यात्मिक, दोनों दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। पौराणिक आख्यानों में वर्णन आता है कि त्रिपुरासुर नामक दैत्य के अत्याचारों से जब सभी देवतागण आतंकित हो गए थे, तब भगवान शिव ने देवताओं की प्रार्थना पर कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरासुर का वध करके संपूर्ण देवताओं के देवत्व की रक्षा का मंगल कार्य किया था। इसी दिन विष्णु जी ने वेदों एवं धर्म की रक्षा के लिए मत्स्य अवतार लिया था। कार्तिक पूर्णिमा भगवान विष्णु की योगनिद्रा से जागने की बेला है। भगवान विष्णु को संपूर्ण सृष्टि का पालनहार माना गया है और सभी देवगणों ने हर्षित होकर कार्तिक पूर्णिमा को दीप प्रज्ज्वलित करके विष्णु जी की स्तुति की थी इसलिए विशेष रूप से कार्तिक की पूर्णिमा ‘देव दीपावली’ के नाम से प्रसिद्ध है।
सिख धर्म तथा जैन धर्म में भी इस पूर्णिमा का विशेष महत्व है। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का जन्म दिवस इसी पूर्णिमा को मनाया जाता है। जैन धर्म के उपासक इस अवसर पर अपने पहले तीर्थंकर भगवान आदित्यनाथ के पावन उपदेशों पर चलने का संकल्प लेते हैं।
ऐसे पावन समय में जप, तप, धार्मिक अनुष्ठान करने का विशेष महत्व है। सायंकाल के समय खुले आकाश में पीपल के पेड़ों, तुलसी के पौधों के नीचे दीपदान का विशेष महत्व है, जिससे भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। हमारे शास्त्रों में दीपक को आत्मज्योति का प्रतीक माना जाता है।
दीपक जलाते समय करें इस महामंत्र का जाप- हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।।
कार्तिक मास को मनुष्य के मोक्ष का द्वार भी कहा गया है। ईश्वरीय साधना के पथिक इस मास को साधना की दृष्टि से सर्वोपरि मानते हैं। वैदिक वांग्मय में पूर्णिमा के अवसर पर अग्निहोत्र का विशेष रूप से विधान किया गया है। पूर्णिमा पर किया गया यज्ञ कर्म मनुष्य को आंतरिक तथा बाहरी समृद्धि प्रदान करता है।
हमारी चेतना में सदैव देवों जैसी दिव्यता तथा सात्विकता हो, प्रतिपल हमारे अंतर्मन में शाश्वत आध्यात्मिक ज्ञान रूपी प्रकाश जागृत रहे, यही इस ‘देव दीपावली’ कार्तिक पूर्णिमा का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *