समाधान शिविर में डीसी ने सुनी समस्याएं

करनाल, 23 नवंबर। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि समाधान शिविर जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए बेहतरीन मंच हैं। आमजन का समाधान शिविरों के प्रति विश्वास बढ़ा है। संबंधित अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पडें़।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित समस्याओं का तुरंत निपटारा करें और की गई कार्रवाई (एटीआर) को पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने बताया कि आज आयोजित समाधान शिविरों में कुल छह शिकायतें आईं। इनमें करनाल मुख्यालय पर तीन, नीलोखेड़ी उपमंडल में दो व इंद्री उपमंडल में एक शिकायत प्राप्त हुई। वहीं घरौंडा व असंध उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए हर सोमवार व वीरवार को जिला सहित सभी उपमंडल स्तरों पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है ताकि लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।
ये आई समस्याएं
करनाल मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में पृथी राज प्रॉपर्टी आईडी को स्वीकृत कराने, सुशीला देवी दिवंगत पति के पीएफ के पैसे दिलवाने तथा अशोक मग्गू मॉडल टाउन में सीवरेज लाइन के मैनहोल की सफाई करवाने की समस्याएं लेकर आए। इसी प्रकार नीलोखेड़ी में आयोजित समाधान शिविर ममता व मीनू पीपीपी में जन्म तिथि सत्यापन की समस्या लेकर आईं। इंद्री उपमंडल में माया देवी पीपीपी में आयु सत्यापन की समस्या लेकर आईं।



