डेस्क : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में बिना किसी रोक-टोक के गोहत्या नहीं होने देगी और इसपर रोक लगाने के लिए मौजूदा कानूनी प्रावधानों को और मजबूत बनाने वाला विधेयक पेश किया जाएगा। सचिवालय नबान्न में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अधिकारी ने कहा, ”मैं राज्य में गौ माता की हत्या नहीं होने दूंगा। आप मंत्रिमंडल के फैसले का अपनी इच्छानुसार मतलब निकाल सकते हैं।”
मुख्यमंत्री राज्य मंत्रिमंडल के एक फैसले का जिक्र कर रहे थे, जिसमें बीमार और बूढ़ी गायों की देखभाल के लिए गौशालाओं को हर साल एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के तहत यह सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य देसी नस्ल के मवेशियों का संरक्षण करना और दूध उत्पादन बढ़ाना है। अधिकारी ने कहा कि पशु वध को नियंत्रित करने वाले मौजूदा कानून के तहत सरकार चोरी-छिपे पशु वध रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम, 1950 का जिक्र करते हुए इसे सख्ती से लागू करने की बात कही। उन्होंने इस मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ”मैं यहां ऐसा नहीं होने दूंगा। अगर कोई चोरी-छिपे ऐसा कर रहा है, तो मुझे इसकी जानकारी दें। मैं इसे बंद करवा दूंगा। मेरे पास 1950 का पशु वध कानून और कलकत्ता उच्च न्यायालय का फैसला है, जिसके जरिए कानून को सख्ती से लागू किया जाएगा।” उन्होंने पिछले छह महीनों में ऐसे कई मामलों का भी जिक्र किया, जिनमें आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा, ”अवैध रूप से पशु वध की सूचना मिलने पर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने के लिए हम नया विधेयक लाएंगे।” यह पूछे जाने पर कि क्या इसका मतलब बूचड़खानों में भी पशु वध पर रोक लगाना है, मुख्यमंत्री ने अवैध रूप से पशु वध करने और कानून के दायरे में होने वाले वध के बीच अंतर बताया। उन्होंने कहा, ”बूचड़खानों में पशु वध करना और गौ माता को नुकसान पहुंचाना एक जैसी बात नहीं है। अगर बूचड़खाने में इसकी अनुमति है, तो आप ऐसा कर सकते हैं।”



