डेस्क: फिरोजाबाद जिले के थाना जसराना में सोमवार को अलीगढ़ से सीमेंट लादकर शिकोहाबाद जा रहा एक ट्रक नवादा स्कूल और सायपुर के बीच सामने से आ रहे दो डंपरों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सोमवार को ट्रक चालक प्रमोद कुमार अलीगढ़ से सीमेंट लेकर शिकोहाबाद जा रहे थे। नवादा स्कूल और सायपुर के बीच सामने से शिकोहाबाद की ओर से दो डंपर आ रहे थे। दोनों डंपरों को बचाने के लिए चालक ने ट्रक को सड़क किनारे करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रक में लदा सीमेंट बिखर गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ट्रक में फंसे चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को कोई चोट नहीं आई। हादसे के चलते कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। बाद में ग्रामीणों की मदद से यातायात सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी डंपरों की आवाजाही अधिक रहती है। कई बार आमने-सामने भारी वाहन आने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित कराने और यातायात व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।



