अर्थ

गोल्ड-सिल्वर में निवेश से पहले जान लें इस सप्ताह का अपडेट, एक्सपर्ट का दावा- कीमतों में आ सकती है बड़ी गिरावट

डेस्क: सोने और चांदी की कीमतों में पिछले सप्ताह आई भारी गिरावट के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। सोना अपने ऊंचे स्तर से करीब 60 हजार रुपए तक टूट चुका है, जबकि चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कीमती धातुओं पर दबाव अभी खत्म नहीं हुआ है और इस सप्ताह में भी गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सप्ताह सोने और चांदी की दिशा काफी हद तक अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी। खासतौर पर महंगाई के आंकड़े और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर संकेत बाजार की चाल तय कर सकते हैं।
अमेरिकी आंकड़ों से तय होगी बाजार की दिशा
निवेशकों की नजर अमेरिका समेत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के शुरुआती परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) आंकड़ों पर रहेगी। इसके अलावा अमेरिकी जीडीपी, हाउसिंग सेक्टर और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं।
महंगाई के आंकड़े सबसे ज्यादा अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि इनके आधार पर फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर उम्मीदें बदल सकती हैं। यदि महंगाई के आंकड़े मजबूत रहते हैं और ब्याज दरों में कटौती की संभावना कमजोर पड़ती है, तो सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
MCX पर एक सप्ताह में 11% सस्ता हुआ सोना
घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमतों में पिछले सप्ताह बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 14,927 रुपए यानी करीब 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
यह एक साल से ज्यादा समय का निचला स्तर है। इससे पहले सोना 30 अक्टूबर 2025 को करीब 1,21,508 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था।
चांदी में सोने से भी बड़ी गिरावट
चांदी की कीमतों में भी बिकवाली का दबाव ज्यादा देखने को मिला। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी एक सप्ताह में 28,496 रुपए यानी 16.2 फीसदी गिरकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंच गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेशकों की मुनाफावसूली ने कीमतों को नीचे धकेला है। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रणव मेर का मानना है कि सोने और चांदी का निकट भविष्य का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है।
डॉलर और रुपए की चाल ने बढ़ाया दबाव
सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकवाली के साथ रुपये की मजबूती भी एक अहम वजह रही। रुपए में मजबूती आने से भारत में सोने का आयात सस्ता पड़ता है, जिससे घरेलू बाजार में कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बनता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 370.9 डॉलर यानी 9.5 फीसदी गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 फीसदी टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।
आगे क्या संकेत दे रहे हैं एक्सपर्ट?
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एवं करेंसी विश्लेषक जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, पिछले सप्ताह सोने में भारी बिकवाली देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट और घरेलू स्तर पर रुपए की मजबूती ने मिलकर सोने को कमजोर किया।
फिलहाल निवेशकों को अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के अगले कदमों पर नजर रखनी होगी। ब्याज दरों को लेकर सख्त संकेत मिलने पर सोने और चांदी में दबाव और बढ़ सकता है। हालांकि, बाजार की अगली दिशा आर्थिक आंकड़ों और वैश्विक निवेशकों की रणनीति पर निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *