उत्तर प्रदेश

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भयानक हादसा: खड़ी पिकअप से टकराई शव ले जा रही एम्बुलेंस, 5 लोगों की मौत

डेस्क: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक शववाहिनी एंबुलेंस के खड़े पिकअप वाहन से टकरा जाने की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावां गांव के पास हुआ।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने बताया कि एंबुलेंस ने पीछे से पिकअप वाहन में टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में एंबुलेंस के दो चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मरने वालो की पहचान अमीनुल हक (40) एवं रुपिक (50) के तौर पर हुई है और दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन अन्य लोग राजस्थान के रहने वाले हैं और उनकी पहचान मकबूल खान (52), हरिओम योगी (31) एवं अजय (33) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस जयपुर से एक शव को लेकर गाजीपुर जा रही थी। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *