डेस्क: शादी से पहले आयोजित प्री-वेडिंग समारोह में दावत खाने के बाद सैकड़ों ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ने से बुढ़ाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुक्रवार शाम भोजन के साथ हलवा और अन्य पकवान खाने के करीब दो घंटे बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने पर उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामला जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर बुढ़ाना थाना क्षेत्र के नगवा गांव का है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, नगवा गांव निवासी पवन की रविवार को बारात जानी है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार शाम गांव में मंडा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। दावत में भोजन के साथ हलवा परोसा गया था। खाना खाने के लगभग दो घंटे बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी और परिजनों में घबराहट फैल गई। कई मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, जबकि कुछ को अस्पतालों में ले जाया गया।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, सैंपल जांच के लिए भेजे गए
इस घटना को शुरुआती तौर पर संभावित फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है। ग्रामीणों के बीच गांव में मौजूद एक डॉक्टर की तबीयत भी खराब होने की चर्चा रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रात में ही गांव पहुंची और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए। अधिकारियों का कहना है कि सैंपलों की लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
ग्रामीणों ने बयां किया अपना हाल
एक स्थानीय ग्रामीण ने आशंका जताई कि भोजन बनाने में इस्तेमाल हुए रिफाइंड या हलवाई की लापरवाही से तबीयत बिगड़ी हो सकती है। उनके अनुसार, उनके परिवार की पत्नी और बेटी को भी उल्टी और घबराहट की शिकायत हुई थी, जिन्हें गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और अब उनकी स्थिति सामान्य है। ग्रामीण कृष्णा ने बताया कि मंडा समारोह में दावत खाने के बाद रात से ही उनके परिवार के सदस्यों को उल्टी शुरू हो गई थी। उनके तीन पोते और बहू की तबीयत ज्यादा खराब हुई, जबकि उन्हें भी रुक-रुककर पेट में दर्द की शिकायत रही। मरीज रमेश ने बताया कि शुक्रवार शाम दावत में भोजन करने के बाद उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और बार-बार उल्टी जैसा महसूस होने लगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि बुढ़ाना के नगवा गांव में करीब 30 से 40 लोगों को हल्की परेशानी हुई थी, जिनका गांव में ही इलाज किया गया। वहीं, बुढ़ाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए 3 से 4 लोगों को भी स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल गांव के हालात पूरी तरह काबू में हैं। शुरुआती जांच में हलवा, पनीर या अन्य किसी खाद्य पदार्थ से समस्या होने की आशंका जताई गई है और सैंपल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


