डेस्क: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम होने की चेतावनी दी गई है। आज इस इलाके में 27 से ज्यादा शादियां होनी हैं। इनमें लगभग 8,000 मेहमानों के शामिल होने और सड़कों पर 4,000 अतिरिक्त वाहनों के आने का अनुमान है। ये कार्यक्रम SSN मार्ग (भाटी माइंस रोड), बांध रोड, मंडी रोड और MG रोड के आसपास हो रहे हैं। पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक को संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, लेकिन साथ ही चेतावनी दी है कि SSN मार्ग, 100 फुटा रोड, अणुव्रत मार्ग, मंडी रोड, जौनपुर रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर जाम लग सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की गई है कि वे दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और सफर के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर चलें। शादियों में आने वाले मेहमानों से कहा गया है कि वे अपनी गाड़ियां केवल तय की गई जगहों पर ही पार्क करें और सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें।
देश में लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद
यह ट्रैफिक एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब भारत में शादियों का व्यस्त सीजन शुरू होने वाला है। ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स’ (CAIT) के अनुसार, 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच पूरे देश में लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है, जिससे करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
भारतक्रिकेट मैच
25 दिनों की इस अवधि में हर दिन दो लाख से ज़्यादा शादियाँ होने की संभावना है। इससे ज्वेलरी, कपड़े, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, खान-पान, ट्रांसपोर्ट और मनोरंजन जैसे कई क्षेत्रों में भारी मांग देखने को मिलेगी। अकेले दिल्ली-NCR में लगभग पाँच लाख शादियाँ होने और 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
कुल अनुमानित कारोबार में से 4.05 लाख करोड़ रुपये (यानी 54%) का हिस्सा सामान और रिटेल खरीदारी का होगा, जबकि सेवाओं (सर्विसेज) से 3.45 लाख करोड़ रुपये (यानी 46%) का योगदान मिलने का अनुमान है।
रिटेल खर्च में ज्वेलरी और कीमती धातुओं का हिस्सा सबसे ज़्यादा, यानी 1.2 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसके बाद कपड़ों और परिधानों (गारमेंट्स) का नंबर आता है, जिनका खर्च 90,000 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। CAIT के अनुसार, उपहार और शादी के सामान, साथ ही किराने का सामान और खाने-पीने की चीजों से 37,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स, सूखे मेवे और मिठाइयां, तथा फर्नीचर और घरेलू सामानों से 30,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। सेवाओं के क्षेत्र में, कैटरिंग का हिस्सा सबसे ज्यादा 75,000 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। इसके बाद शादी के वेन्यू, बैंक्वेट हॉल और होटलों का नंबर आता है, जिनसे 60,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग, साथ ही फूलों की सजावट और शादी की अन्य सजावटों से 37,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। CAIT ने बताया कि यात्रा और परिवहन, तथा संगीत और मनोरंजन सेवाओं से 30,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और ब्यूटी सेवाओं से 22,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।


