डेस्क: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एन.सी.बी.) जम्मू जोनल यूनिट ने दिल्ली जोनल यूनिट के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फार्मास्युटिकल दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान दिल्ली के शाहदरा में एक गुप्त गोदाम से 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और विभिन्न दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं।
एन.सी.बी. के अनुसार, विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर 2026 की तड़के जम्मू यूनिट ने उधमपुर जिले के चेनानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति से करीब 7 किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप (सी.बी.सी.एस.) बरामद किया गया। इसके बाद एन.डी.पी.एस. अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आगे की जांच के दौरान कश्मीर घाटी में कार्रवाई करते हुए अनंतनाग जिले के एक निवासी को पकड़ा गया, जिसे इस खेप का मुख्य प्राप्तकर्ता बताया जा रहा है। सप्लाई लिंक की जांच दिल्ली तक पहुंचने पर एन.सी.बी. जम्मू और दिल्ली की संयुक्त टीम ने दिल्ली में इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया तथा 18 नवंबर को 356 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया।
इसके बाद जांच में शाहदरा, दिल्ली में किराए के परिसर में संचालित एक गुप्त गोदाम का पता चला। 18 और 19 नवंबर को की गई तलाशी में 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद हुईं, जिनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त औषधीय पदार्थ शामिल थे।
एन.सी.बी. अब इन दवाओं की वैध सप्लाई चेन से अवैध रूप से निकासी, इनके स्रोत, सप्लायरों, वितरकों तथा नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी का उद्देश्य सप्लाई के मूल स्रोत तक पहुंचकर इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
एन.सी.बी. ने नागरिकों से नशा तस्करी और दवाओं के अवैध डायवर्जन से संबंधित विश्वसनीय जानकारी गोपनीय रूप से राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस (1933) पर साझा करने की अपील की है। यह पहल नशा मुक्त भारत अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।


