राष्ट्रीय

अग्निपथ योजना में बड़े बदलाव की तैयारी: 4 साल की सेवा के बाद शादी की मंजूरी पर मंथन-जानें पूरा अपडेट

डेस्क: अग्निपथ भर्ती योजना में बड़े बदलावों की तैयारी तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आई जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 4 साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) देने की योजना बनाई है। यह 2 साल का विस्तार उन 75 फीसदी अग्निवीरों को मिलेगा, जिन्हें 4 साल पूरे होने के बाद स्थायी (परमानेंट) नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, इन 75 प्रतिशत अग्निवीरों के पास 6 साल की कुल सेवा पूरी करने के बाद स्थायी कैडर में शामिल होने का एक और अवसर होगा। इस पूरे नए ढांचे को ‘अग्निपथ योजना 2.0’ का नाम दिया जा रहा है। अब इस सुधार को और आगे बढ़ाते हुए, विस्तारित कार्यकाल के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की छूट देने पर भी मंथन चल रहा है। हालांकि, सेवा विस्तार पाने के लिए अग्निवीरों की अपनी सहमति अनिवार्य होगी।

4 साल की सेवा के बाद शादी और पारिवारिक आवास की तैयारी
मौजूदा नियमों के तहत, अग्निपथ योजना में शामिल होने वाले जवानों को अपनी शुरुआती 4 साल की नौकरी के दौरान अविवाहित रहना जरूरी होता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Department of Military Affairs अब एक ऐसे प्रस्ताव पर काम कर रहा है, जिससे 4 साल की सेवा पूरी होने के बाद मिलने वाले 2 साल के एक्सटेंशन के दौरान अग्निवीर शादी कर सकें।
इस प्रस्ताव के तहत, यदि कोई अग्निवीर 2 साल का सेवा विस्तार लेता है, तो वह इस अवधि में विवाह कर सकेगा। इतना ही नहीं, शादी के बाद अग्निवीरों को उनकी पोस्टिंग वाली जगह (ड्यूटी स्टेशन) पर सरकारी पारिवारिक आवास यानी फैमिली क्वार्टर उपलब्ध कराने की योजना भी तैयार की जा रही है। फिलहाल, इस विषय पर सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है, लेकिन इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
‘ASAAN’ ऐप पर चुनने होंगे भविष्य के 4 विकल्प
4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर अग्निवीरों को अपने आगे के करियर को लेकर सहमति या असहमति दर्ज करानी होगी। इसके लिए उन्हें ‘आर्मी सॉफ्टवेयर अग्निपथ एडमिनिस्ट्रेशन एंड नेटवर्किंग’ (ASAAN) ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इस ऐप पर अग्निवीरों के सामने 4 स्पष्ट विकल्प मौजूद रहेंगे:
पहला विकल्प: केवल स्थायी (परमानेंट) कैडर में जाने के लिए सहमति देना।
दूसरा विकल्प: स्थायी कैडर के लिए सहमति देना, लेकिन यदि 25 प्रतिशत स्थायी होने वाले जवानों की सूची में नाम नहीं आता है, तो 2 साल के सेवा विस्तार के लिए तैयार रहना।
तीसरा विकल्प: 4 साल की सेवा के बाद केवल 2 साल के सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) के लिए अपनी सहमति देना।
चौथा विकल्प: 4 साल की सेवा पूरी होने के बाद आगे नौकरी जारी न रखने (असहमति) का चुनाव करना।
कैसे तय होगी सेवा विस्तार की प्रक्रिया?
जानकारी के अनुसार, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स ने अग्निवीरों को सेवा विस्तार देने से जुड़े नियम और शर्तें तय करने का अधिकार तीनों सेनाओं को सौंप दिया है। इस दिशा में भारतीय वायु सेना अपने पुराने मूल्यांकन और मार्किंग सिस्टम के आधार पर एक्सटेंशन देने की प्रक्रिया पर विचार कर रही है। वहीं, थल सेना एक ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है जिसके जरिए अनुशासित और शारीरिक रूप से फिट अग्निवीरों को 6 साल की सेवा के बाद स्थायी किया जा सके, क्योंकि इस श्रेणी में स्थायी करने के लिए किसी तरह की अधिकतम संख्या (कैपिंग) की बाध्यता नहीं रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *