डेस्क: क्रिप्टोकरेंसी बाजार में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बिकवाली देखने को मिली है। बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों को करीब 130 अरब डॉलर (12.23 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान हुआ है। इस दौरान कुल क्रिप्टो मार्केट कैप 5 फीसदी से ज्यादा गिरकर 2.45 ट्रिलियन डॉलर से 2.32 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया। बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच बिटकॉइन समेत प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
बिटकॉइन 70 हजार डॉलर के नीचे फिसला
वहीं दुनिया की सबसे महंगी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन भी बुरी तरह लुढ़क गई। बिटकॉइन पिछले 24 घंटे में 6 फीसदी से ज्यादा टूटकर 68,852 डॉलर पर पहुंच गया। इसके साथ ही बिटकॉइन का प्रदर्शन साप्ताहिक और मासिक आधार पर भी कमजोर बना हुआ है। पिछले सात दिनों में इसकी कीमत 9 फीसदी से ज्यादा और एक महीने में करीब 17 फीसदी गिर चुकी है।
बाजार में बढ़ती बिकवाली का असर निवेशकों की भावनाओं पर भी पड़ा है। क्रिप्टो फियर एंड ग्रीड इंडेक्स गिरकर 19 पर पहुंच गया है। यह स्तर बाजार में अत्यधिक डर (Extreme Fear) की स्थिति को दर्शाता है। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक फिलहाल नई खरीदारी को लेकर सतर्क हैं।
एनवीडिया संकट और अमेरिकी बाजार का दबाव
क्रिप्टो बाजार में गिरावट के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। इनमें महंगाई बढ़ने की आशंका, अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की यील्ड में तेजी और टेक्नोलॉजी शेयरों में कमजोरी प्रमुख हैं। इसके अलावा अमेरिकी एआई कंपनी एनवीडिया को लेकर सामने आई खबरों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।
हालांकि, एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग के इस्तीफे की खबर को बिटकॉइन में गिरावट का सीधा कारण मानने के लिए फिलहाल ठोस सबूत नहीं हैं। बाजार में पहले से जारी बिकवाली और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता भी इस गिरावट में अहम भूमिका निभा रही है।
इथेरियम समेत दूसरी क्रिप्टोकरेंसी भी टूटीं
बाजार की गिरावट का असर लगभग सभी प्रमुख डिजिटल करेंसी पर दिखाई दिया। पिछले 24 घंटे में इथेरियम करीब 6 फीसदी गिरकर 1,920 डॉलर पर आ गया। बाइनेंस कॉइन में 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 630 डॉलर पर पहुंच गया।
इसी तरह रिपल में करीब 4 फीसदी, सोलाना में 6 फीसदी, ट्रोन में 2 फीसदी और डॉगकॉइन में लगभग 5.50 फीसदी की गिरावट आई। कैंटन भी 5 फीसदी से ज्यादा टूट गया।
बिटकॉइन ETF से लगातार निकल रहा पैसा
बिटकॉइन की कीमतों पर दबाव की एक बड़ी वजह स्पॉट बिटकॉइन ETF से लगातार हो रही निकासी भी है। 11 नवंबर को इन फंडों से करीब 29.98 करोड़ डॉलर की निकासी दर्ज की गई। यह लगातार पांचवां दिन था, जब निवेशकों ने इन फंडों से पैसा निकाला। पांच दिनों में कुल निकासी लगभग 1.44 अरब डॉलर तक पहुंच गई।


