डेस्क: दुनिया भर की आईटी और सॉफ्टवेयर कंपनियों में जारी छंटनी के बाद अब इसका असर एयरलाइंस बाजार पर भी गहराने लगा है। यूरोप की सबसे बड़ी एविएशन कंपनी डॉयचे लुफ्थांसा एजी (Deutsche Lufthansa AG) ने अपने लगभग 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का बड़ा फैसला किया है। कच्चे तेल की ऊंची दरों के कारण जेट फ्यूल (ATF) और ईंधन की बढ़ती लागत से एयरलाइन को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे बचने के लिए कंपनी यह कदम उठा रही है।
म्यूनिख और फ्रैंकफर्ट हब में कम होंगे फुल-टाइम पद
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, लुफ्थांसा प्रबंधन ने कर्मचारियों को एक पत्र भेजकर इस फैसले की जानकारी दी है। इस लेटर पर लुफ्थांसा एयरलाइंस के सीईओ जेन्स रिटर (Jens Ritter) सहित टॉप अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एयरलाइन अपने म्यूनिख और फ्रैंकफर्ट स्थित हब में फुल-टाइम पोजिशंस की संख्या में कटौती करेगी।
विमानों के बेड़े में बदलाव और रूट्स में कटौती
कंपनी की योजना छोटी और मध्यम दूरी के रूट्स पर अपनी उड़ानों की क्षमता को कम करने की है। इसके साथ ही लुफ्थांसा अपने बेड़े से एयरबस SE A320 विमानों की संख्या घटाएगी और उनकी जगह छोटे आकार के A220 विमानों को शामिल करेगी।
एक साल में दूसरी बार छंटनी का फैसला
यह एक साल के भीतर एयरलाइन द्वारा की जा रही दूसरी छंटनी है, जो कंपनी के फ्लेगशिप प्रॉडक्ट की स्थिति सुधारने में आ रही कठिनाइयों को दर्शाती है। इससे पहले सितंबर 2025 में लुफ्थांसा ग्रुप ने वर्ष 2030 तक 4,000 प्रशासनिक पदों को समाप्त करने की योजना की घोषणा की थी।



