अंतरराष्ट्रीय

तेहरान पर हमला हुआ तो यूरोप में भी सुरक्षित नहीं रहेंगे अमेरिकी ठिकाने, ईरान की चेतावनी

डेस्क: ईरान ने अमेरिका (Iran- US) को चेतावनी दी है कि यदि यूरोप या दुनिया के किसी अन्य दूर-दराज के क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों (US military bases) का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए किया गया तो उन्हें भी निशाना बनाया जा सकता है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव मोहसेन रेजाई ने बुधवार को कहा कि तेहरान की जवाबी कार्रवाई केवल मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रहेगी।

एक इंटरव्यू में रेजाई ने कहा कि यदि अमेरिकी विमान किसी भी सैन्य अड्डे से उड़ान भरकर ईरान पर बमबारी करते हैं तो उन ठिकानों को भी निशाना बनाया जाएगा, भले ही वे यूरोपीय देशों या किसी अन्य दूर-दराज के इलाके में स्थित हों। उन्होंने कहा कि ईरान उन सैन्य ठिकानों पर भी हमला कर सकता है, जिन्हें अमेरिका अपनी मिसाइलों की पहुंच से बाहर मानता है।
रेजाई ने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान ऐसे द्वीपों को भी निशाना बना सकता है, जिनके बारे में अमेरिका को लगता है कि वे उसकी मिसाइलों की पहुंच से बाहर हैं।
28 फरवरी से शुरू हुआ संघर्ष
गौरतलब है कि यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ था। इसके जवाब में ईरान ने उन देशों में मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। इस टकराव में लेबनान, यमन और इराक में सक्रिय ईरान समर्थित सशस्त्र गुटों की भागीदारी से क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।
अमेरिका के साथ बातचीत से किया इनकार
कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता से जारी राजनयिक प्रयासों के बीच रेजाई ने कहा कि ईरान की अमेरिका के साथ फिलहाल कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, “मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस समय हम अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं। फिलहाल दोनों देशों के बीच कोई वार्ता नहीं चल रही है।”
रेजाई ने कतर में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत होने के दावों को भी खारिज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *