अंतरराष्ट्रीय

स्नैपचैट पर बनते हैं ड्रग्स माफिया के ब्रांड, पैसों का लालच देकर बच्चों से करवा रहे तस्करी; फ्रांस में मचा हड़कंप

डेस्क: फ्रांस (France)में ड्रग्स (Drugs)का अवैध कारोबार अब एक खतरनाक रूप लेता जा रहा है। नशे के इस काले कारोबार को फैलाने के लिए ड्रग्स माफिया छोटे बच्चों और नाबालिगों को अपना निशाना बना रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि अब इन गिरोहों में बच्चों की भर्ती के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्नैपचैट (Snapchat)जैसे प्लेटफॉर्म(Platforms) पर ड्रग्स गिरोह खुद को किसी बड़े ब्रांड की तरह प्रचारित करते हैं और युवाओं को मोटी कमाई का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरे फ्रांस में करीब 10 हजार से ज्यादा बच्चे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ड्रग्स की तस्करी से जुड़े हुए हैं। यह स्थिति फ्रांस के प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक इस खतरनाक नेटवर्क का खुलासा वर्ष 2022 में हुआ था। उस समय एक नाबालिग लड़के ने ड्रग्स खरीदने पहुंची एक लड़की के हाथ में अपनी आपबीती लिखकर एक नोट दिया था। इस नोट के जरिए बच्चों के साथ हो रहे अत्याचारों की जानकारी सामने आई। बाद में दो 15 वर्षीय लड़कों को ड्रग्स गिरोह के चंगुल से छुड़ाया गया। इन बच्चों ने बताया कि उन्हें जबरन अपने कब्जे में रखा जाता था और कई तरह की प्रताड़ना दी जाती थी। उन्हें नग्न अवस्था में डांस करने के लिए भी मजबूर किया गया था। एक बच्चे ने यौन हिंसा का शिकार होने की बात भी बताई थी। इस घटना ने फ्रांस में नाबालिगों को निशाना बनाने वाले ड्रग्स नेटवर्क की भयावह तस्वीर सामने रख दी।
सोशल मीडिया से बच्चों को बना रहे निशाना

फ्रांस में DZ नाम से चर्चित ड्रग्स नेटवर्क पर नाबालिगों को अपने जाल में फंसाने के आरोप हैं। यह गिरोह युवाओं को निजी संगठन की तरह आकर्षित करने की कोशिश करता है। शुरुआत में युवाओं को ड्रग्स की सप्लाई और तस्करी के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल दिया जाता है। सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बनाना इस नेटवर्क का अहम तरीका बन गया है। खासतौर पर ऐसे बच्चों को निशाना बनाया जाता है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या जल्दी पैसा कमाने की इच्छा रखते हैं। एक बार गिरोह के संपर्क में आने के बाद बच्चों के लिए इस नेटवर्क से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
7 अरब यूरो का अवैध कारोबार और बढ़ती हिंसा

फ्रांस में ड्रग्स का कारोबार केवल नशे की समस्या तक सीमित नहीं है बल्कि इसके साथ हिंसा और संगठित अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार देश में अवैध ड्रग्स कारोबार का सालाना आकार करीब 7 अरब यूरो तक पहुंच चुका है। कोकीन की खपत में बढ़ोतरी ने भी इस बाजार को विस्तार दिया है। नशे के इस कारोबार में बड़ी रकम शामिल होने के कारण अलग-अलग गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चलती रहती है। इसका सबसे खतरनाक असर युवाओं और नाबालिगों पर पड़ रहा है। कई युवा इस हिंसक नेटवर्क की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।

सरकार के सामने बड़ी चुनौती

फ्रांस का प्रशासन ड्रग्स माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक DZ नेटवर्क से जुड़े एक हजार से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इनमें से करीब 600 लोगों को जेल भेजा गया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया के जरिए नई भर्तियों का सिलसिला सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन बच्चों तक पहुंचना है जिन्हें पैसों का लालच देकर अपराध की दुनिया में धकेला जा रहा है। अब फ्रांस के लिए जरूरी हो गया है कि वह केवल ड्रग्स तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित न रहे बल्कि बच्चों को इस जाल से बचाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *