अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान ने रचा इतिहास, 3 डेब्यूडेंट्स ने ठोके अर्धशतक

डेस्क: टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान ने एक दुर्लभ इतिहास रच दिया है. श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में चल रहे पहले टेस्ट मैच में, टीम के तीन डेब्यूडेंट खिलाड़ियों ने पहली पारी में अर्धशतक जमाए हैं. तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा और अराफात मिन्हास ने ये कमाल किया, जो टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में सिर्फ दूसरी बार हुआ है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इस मैच में चार खिलाड़ियों को टेस्ट कैप सौंपी थी, और सबने अपनी छाप छोड़ी. बल्लेबाजों में तैयब आरिफ ने 57 रन, मोहम्मद ताहा ने 51 रन और अराफात मिन्हास ने 52 रन बनाए. इन तीनों ने अपनी पहली ही टेस्ट पारी में शानदार प्रदर्शन किया. अराफात मिन्हास ने 72 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और एक छक्का शामिल था. उन्होंने सऊद शकील के साथ 44 रन की पार्टनरशिप भी की, जो खुद शतक से चूक गए और 93 रन बनाकर आउट हुए.

टेस्ट इतिहास में ऐसा सिर्फ एक बार पहले हुआ था. साल 1992 में जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में ये कारनामा किया था. तब एंडी फ्लावर, ग्रांट फ्लावरऔर डेव हॉटन ने डेब्यू पर अर्धशतक लगाए थे. पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में 9 विकेट पर 434 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी. इसमें इन नए चेहरों का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
सिर्फ बल्लेबाजों ने ही नहीं, डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज साकिब खान ने भी गेंद से कमाल दिखाया. उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में दो अहम विकेट झटके. साकिब ने अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर श्रीलंका को शुरुआती झटके दिए. अब्बास ने पसेंदु सूरियाबंदरा को शून्य पर आउट किया, जबकि साकिब ने दिनेश चांदीमल और लाहिरू उदारा के विकेट लिए. लाहिरू उदारा ने 47 गेंदों पर तेजी से 42 रन बनाए थे, लेकिन साकिब ने उन्हें विकेटकीपर गाजी घोरी के हाथों कैच आउट करवा दिया.
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 3 विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए थे. खराब रोशनी के कारण लगातार दूसरे दिन खेल जल्दी रोकना पड़ा. पाकिस्तान इस मैच में श्रीलंका पर एक बड़ी बढ़त बनाए हुए है और जीत की तरफ बढ़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *