अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान ने ईरानी नागरिकों को लेने से किया इनकार, बीच रास्ते से अमेरिका लौटा डिपोर्टेशन विमान

डेस्क: अमेरिका (US) से ईरानी नागरिकों (Iranian nationals) को डिपोर्ट (deportation) करने की कोशिश को बड़ा झटका लगा है. कम से कम 9 ईरानी प्रवासियों को लेकर जा रही अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट (flight) को मंगलवार सुबह बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. विमान को पाकिस्तान (Pakistan) के रास्ते ईरान पहुंचना था, लेकिन पाकिस्तान ने अचानक इन लोगों को अपने यहां स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसके बाद विमान एरिजोना के मेसा में वापस उतरा.

न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फ्लाइट में सवार सभी ईरानी नागरिकों को एरिजोना से डिपोर्ट किया जा रहा था. योजना के तहत पहले उन्हें पाकिस्तान ले जाया जाना था और फिर वहां से ईरान भेजा जाना था. एक अमेरिकी अधिकारी और हिरासत में रखे गए एक शख्स के रिश्तेदार ने बताया कि पाकिस्तान के इनकार के बाद विमान को वापस लौटना पड़ा. लैंडिंग के बाद सभी डिपोर्ट किए जाने वाले लोगों को दोबारा एरिजोना के इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया.
पाकिस्तान ने अचानक बदला फैसला
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस फ्लाइट को स्वीकार करने से इनकार किए जाने के मामले पर टिप्पणी करने से मना कर दिया. हालांकि, इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा था कि पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान भेजे जाने वाले लोगों के डिपोर्टेशन की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है.
यह एरिजोना से ईरानी नागरिकों के एक समूह को डिपोर्ट करने की दूसरी कोशिश थी, जिसे कथित तौर पर रद्द करना पड़ा है. इससे अमेरिकी प्रशासन की डिपोर्टेशन योजना में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.
पाकिस्तान को ट्रांजिट रूट बनाना चाहता है अमेरिका
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ईरान और अफगानिस्तान के नागरिकों को डिपोर्ट करने के लिए पाकिस्तान को ट्रांजिट पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है. इसके तहत अमेरिका से निकाले जाने वाले लोगों को पहले पाकिस्तान भेजा जाना है और फिर वहां से उनके संबंधित देशों में पहुंचाने की व्यवस्था की जानी है.
पाकिस्तान के ताजा इनकार से इस योजना में बाधा आई है. यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिका ऐसे देशों में लोगों को वापस भेजने के लिए पाकिस्तान का रास्ता इस्तेमाल करना चाहता है, जिनके साथ उसके औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं. फिलहाल पाकिस्तान की तरफ से इस मामले पर विस्तृत स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *