अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान में चुनावी मैदान में उतरा मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद

डेस्क: मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद (Hafiz Saeed) से जुड़ी राजनीतिक पार्टी को पाकिस्तान में उपचुनाव (By-elections in Pakistan) के दौरान करारी हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, हार के बावजूद उसकी पार्टी के उम्मीदवार को 30 हजार से अधिक वोट मिले। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की गुजरांवाला जिले की NA-77 सीट पर हुए उपचुनाव में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने जीत दर्ज की।

पोर्ट के मुताबिक, लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित गुजरांवाला जिले की NA-77 सीट सांसद महमूद बशीर विर्क के निधन के बाद खाली हुई थी। रविवार को हुए उपचुनाव के नतीजों में पीएमएल-एन के उम्मीदवार रशीद बशीर विर्क ने 43 हजार से अधिक वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
हाफिज सईद की पार्टी दूसरे स्थान पर
इस चुनाव में हाफिज सईद से जुड़ी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के उम्मीदवार मोहम्मद इब्राहिम गुर्जर दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 30 हजार से अधिक वोट मिले। चुनाव में हार के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में वोट मिलना पाकिस्तान की राजनीति में इस पार्टी की मौजूदगी को दर्शाता है।
पहले मिल्ली मुस्लिम लीग से जुड़ा था हाफिज
हाफिज सईद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और जमात-उद-दावा (जेयूडी) का सरगना रहा है। वह पहले मिल्ली मुस्लिम लीग नाम की राजनीतिक पार्टी से जुड़ा था। बाद में पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के जरिए राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की गई।
इस पार्टी ने 2024 के पाकिस्तान आम चुनाव में भी अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन कोई सीट जीतने में सफल नहीं रही। पार्टी पर हाफिज सईद और उसके प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं।
पीटीआई और पीपीपी ने नहीं उतारे उम्मीदवार
NA-77 सीट के उपचुनाव में पाकिस्तान की प्रमुख विपक्षी पार्टियों ने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई), पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और जमात-ए-इस्लामी शामिल हैं।
ऐसे में मुकाबला मुख्य रूप से पीएमएल-एन और हाफिज सईद से जुड़ी पीएमएमएल के उम्मीदवार के बीच रहा। अंततः रशीद बशीर विर्क ने जीत हासिल की, जबकि मोहम्मद इब्राहिम गुर्जर दूसरे स्थान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *