डेस्क: दुनिया भर में लग्जरी और शान का प्रतीक मानी जाने वाली स्विस घड़ियों के लिए भारत तेजी से उभरता बाजार बन रहा है। खास बात यह है कि भारत दुनिया का एकमात्र लोअर मिडिल इनकम वाला देश है, जो स्विस वॉच इंडस्ट्री के शीर्ष 30 निर्यात बाजारों में शामिल है। वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में भारत को स्विस घड़ियों का निर्यात 28.5 फीसदी बढ़कर 26.6 करोड़ स्विस फ्रैंक पहुंच गया। यह वैश्विक औसत वृद्धि 2.7 फीसदी के मुकाबले करीब दस गुना अधिक है।
फेडरेशन ऑफ स्विस वॉच इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से सितंबर के दौरान स्विस घड़ियों का वैश्विक निर्यात 2.7 फीसदी बढ़कर 1,946.5 करोड़ स्विस फ्रैंक रहा। इस दौरान भारत दुनिया का 14वां सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा।
चीन में कमजोर मांग
इसके विपरीत, स्विस घड़ियों के सबसे बड़े बाजार अमेरिका में निर्यात 4.1 फीसदी घटकर 337.1 करोड़ स्विस फ्रैंक रह गया। वहीं, चीन में भी मांग कमजोर रही और वहां निर्यात में 5.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, फ्रांस में निर्यात 79.9 फीसदी की जोरदार वृद्धि के साथ 167.7 करोड़ स्विस फ्रैंक पहुंच गया।
जापान और ब्रिटेन जैसे प्रमुख बाजारों में भी स्विस घड़ियों की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिली। जापान में निर्यात 1.6 फीसदी और ब्रिटेन में 8.3 फीसदी बढ़ा।
भारत उभरता स्टार
स्विस लग्जरी वॉच ब्रांड फ्रैंक मुलर के वरिष्ठ अधिकारी इरोल बालियान के मुताबिक, भारत अगले साल स्विस घड़ियों का सातवां या आठवां सबसे बड़ा बाजार बन सकता है। अमेरिका और चीन में मांग कमजोर रहने के बीच भारत में बढ़ती खरीदारी स्विस वॉच इंडस्ट्री के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है।


