डेस्क: आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को बड़ी सफलता दिलाई है। स्टार पिस्टल निशानेबाज ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या सुब्बाराजू की तिकड़ी ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा ईशा और मनु ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बना ली है।
25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत को गोल्ड
भारतीय महिला टीम ने दोहा में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 1761 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। ईशा सिंह ने 590 अंकों के साथ भारतीय टीम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि मनु भाकर ने 587 और दिव्या सुब्बाराजू ने 584 अंक जुटाए। दक्षिण कोरिया 1748 अंकों के साथ दूसरे और वियतनाम 1745 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
ईशा सिंह ने क्वालीफिकेशन में किया शानदार प्रदर्शन
21 वर्षीय ईशा सिंह ने दो दिन तक चले क्वालीफिकेशन राउंड में शानदार निशानेबाजी करते हुए 590 अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने प्रिसिजन चरण में 292 अंक बनाए थे, जबकि रैपिड चरण में 298 अंकों के साथ जोरदार वापसी की। रैपिड चरण की तीन सीरीज में उन्होंने 100, 98 और 100 अंक हासिल किए।
मनु भाकर की शानदार वापसी
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। वह 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। मनु ने प्रिसिजन चरण में 289 अंक हासिल किए थे, जबकि रैपिड चरण में 99, 99 और 100 अंकों के साथ शानदार वापसी की। वहीं, दिव्या सुब्बाराजू 584 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहीं और बेहद मामूली अंतर से फाइनल में पहुंचने से चूक गईं।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक कोटा हासिल करने का मौका
इस विश्व चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों के पास 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने का शानदार अवसर है। व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले शीर्ष तीन निशानेबाजों के देशों को ओलंपिक कोटा मिलेगा। ऐसे में अगर ईशा सिंह और मनु भाकर दोनों पदक जीतने में सफल रहती हैं, तो भारत को दो और ओलंपिक कोटा मिल सकते हैं।
भारतीय अभियान को मिली बड़ी राहत
विश्व चैंपियनशिप में अब तक भारत का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, खासकर राइफल स्पर्धाओं में भारतीय निशानेबाज निरंतरता बनाए रखने में संघर्ष करते दिखे हैं। इसके अलावा राइफल निशानेबाज शांभवी क्षीरसागर के अयोग्य घोषित होने से जुड़ा विवाद भी चर्चा में रहा है। ऐसे में महिला टीम का स्वर्ण पदक और ईशा सिंह तथा मनु भाकर का व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना भारतीय दल के लिए बड़ी उपलब्धि है।


