डेस्क: चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन आर्यना सबालेंका ने डब्ल्यूटीए फाइनल्स 2026 में शानदार शुरुआत की है। बेलारूस की स्टार टेनिस खिलाड़ी ने ग्रुप-2 के शुरुआती मुकाबले में चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा को 7-6 (2), 7-5 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। करीब दो घंटे से कम समय तक चले इस मुकाबले में सबालेंका को शुरुआत में कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टाईब्रेक में सबालेंका ने जीता पहला सेट
मुकाबले के पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सबालेंका के पास सेट जीतने के दो मौके थे, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सकीं और मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंच गया। हालांकि, टाईब्रेक में बेलारूसी खिलाड़ी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 7-2 से सेट जीत लिया। मुचोवा की फोरहैंड पर हुई गलती ने भी सबालेंका को पहला सेट अपने नाम करने में मदद की।
दूसरे सेट में भी दिखाया दम
दूसरे सेट में भी मुचोवा ने सबालेंका को कड़ी चुनौती दी, लेकिन बेलारूसी खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने शानदार सर्विस और आक्रामक शॉट्स के दम पर 7-5 से दूसरा सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ सबालेंका ने डब्ल्यूटीए फाइनल्स के राउंड रॉबिन चरण में अहम बढ़त हासिल कर ली है।
सबालेंका ने बताया अपनी निरंतरता का राज
जीत के बाद सबालेंका ने कहा कि इंडियन वेल्स में उनका प्रदर्शन इस साल काफी अच्छा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि इसका फायदा डब्ल्यूटीए फाइनल्स में भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह हर मुकाबले को सामान्य टूर्नामेंट की तरह लेते हुए प्रत्येक अंक पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रही हैं। उनके मुताबिक शांत रहना, अपने खेल पर नियंत्रण बनाए रखना और हर मैच जीतने की कोशिश करना ही उनकी निरंतरता का राज है।
युगल मुकाबलों में भी दिखा रोमांच
महिला युगल स्पर्धा में चीन की गुओ हन्यू और फ्रांस की क्रिस्टीना म्लादेनोविक की जोड़ी ने सीह सु-वेई और जेलेना ओस्टापेंको को 3-6, 6-1, 12-10 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं एक अन्य मुकाबले में चीन की झांग शुआई और एलीस मर्टेंस को गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और लुइसा स्टेफनी की जोड़ी के खिलाफ 6-3, 7-6 (5) से हार का सामना करना पड़ा।


