बिहार

समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने दरभंगा में विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों के बीच सहायता राशि का किया वितरण; नवनियुक्त कर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

′

दरभंगा, 06 नवंबर 2026 :- बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा समाज के वंचित, कमजोर, जरूरतमंद एवं संवेदनशील वर्गों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है।

 

इसी क्रम में आज 06 नवम्बर 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार, दरभंगा में माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार, डॉ. श्वेता गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में नियुक्ति पत्र वितरण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि एवं सहायक उपकरणों का वितरण तथा लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

इस अवसर पर माननीय सांसद दरभंगा डॉ.गोपाल जी ठाकुर, माननीय विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, माननीय विधान परिषद अनिल कुमार झा, माननीय जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह आदि उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाना, जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करना रहा।

 

कार्यक्रम के दौरान वृद्ध एवं पर्यवेक्षण आश्रय गृहों में नवनियुक्त कर्मियों को माननीय मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

 

इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

उन्होंने कहा कि समाज के वृद्धजनों, महिलाओं, बच्चों एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों की सेवा केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण कार्य है।

 

मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सावधि जमा (FD) एवं चेक के माध्यम से निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इन योजनाओं का उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों एवं भेदभाव को कम करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा दिव्यांगजनों के सम्मानजनक पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को प्रोत्साहित करना है।

 

मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत पात्र पीड़िताओं को सामाजिक पुनर्वास कोष से सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह पहल संकटग्रस्त एवं हिंसा से प्रभावित महिलाओं को आर्थिक संबल उपलब्ध कराने, उनके पुनर्वास को सुगम बनाने तथा उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन की ओर अग्रसर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

माननीय मंत्री महोदया ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचे तथा कोई भी पात्र लाभार्थी अपने अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। इसके लिए विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता,पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।

 

उन्होंने लाभार्थियों से भी अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुरूप उनका लाभ उठाएँ।

 

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं को केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना भी सरकार का संकल्प है।

 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के अंतर्गत पात्र महिला लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण किया गया। योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अनुरूप आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना, मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण को प्रोत्साहित करना तथा सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

 

*बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को ट्रैक सूट वितरण*

 

बालिकाओं के आत्मविश्वास, शारीरिक विकास एवं सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं के बीच ट्रैक सूट का वितरण किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

 

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि बेटियों को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना एक सशक्त और समावेशी समाज के निर्माण की अनिवार्य शर्त है।

 

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित*

 

विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसेवा, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने तथा अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आईसीडीएस पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, कार्यपालक सहायक, सेविका, जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय से ऋषि कुमार, वन स्टॉप सेंटर से अजमतुन निशा को माननीय मंत्री महोदय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। यह सम्मान विभागीय कर्मियों के मनोबल एवं कार्यक्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

*अनुग्रह अनुदान राशि का वितरण*

 

कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के बीच अनुग्रह अनुदान राशि का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य निर्धारित प्रावधानों के तहत जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा कठिन परिस्थितियों में उन्हें आवश्यक संबल प्रदान करना है।

 

*इस अवसर पर माननीय मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।

 

*समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाएँ केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका व्यापक उद्देश्य सामाजिक न्याय, समान अवसर, महिला सशक्तिकरण, बालिका संरक्षण, दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता एवं वृद्धजनों की गरिमापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करना है।*

 

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, दरभंगा एवं समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों की पहचान, योजनाओं की नियमित निगरानी तथा जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुँच को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

 

कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि बिहार सरकार का विकास दृष्टिकोण केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा, अवसर एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करना भी इसका अभिन्न हिस्सा है।

 

*दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र तथा राज्य सरकार प्रतिबद्ध – डॉ. गोपाल जी ठाकुर*

 

दरभंगा जिले के दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र तथा राज्य की सरकार प्रतिबद्ध है।

 

दिव्यांगजनों को शिक्षित कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने के लिए सरकार तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने शहर में पुअर होम के आधुनिकरण, दिव्यांगजनों के लिए स्थाई मेडिकल बोर्ड सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र पहल किए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सबका साथ सबका विकास के अभियान में दिव्यांजनो का सर्वांगीण विकास पहली प्राथमिकता है।

 

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने कहा कि आज दरभंगा की इस पावन धरती पर माननीय समाज कल्याण मंत्री महोदय का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।

 

समाज कल्याण विभाग समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने, महिलाओं एवं बच्चों के सशक्तीकरण तथा दिव्यांगजनों और कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि दरभंगा जिला समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में निरंतर प्रयासरत है।

 

इस दिशा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम छह महीनों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 18,538 तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत 8,121 पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है।

 

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में 3,21,644 ABHA ID का निर्माण कर दरभंगा जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है। वहीं, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) के माध्यम से 97.94 प्रतिशत सत्यापन उपलब्धि हासिल की गई है।

 

पोषण माह 2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए दरभंगा जिले को राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। जन आंदोलन डैशबोर्ड पर 91.75 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। साथ ही, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

 

महिला सुरक्षा एवं पुनर्वास के क्षेत्र में वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श एवं आश्रय जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 43 पीड़िताओं को आर्थिक सहायता तथा 202 महिलाओं एवं बालिकाओं को आवासन एवं अल्पकालीन आश्रय की सुविधा प्रदान की गई है।

 

इसके अतिरिक्त, सेवा के दौरान दिवंगत 8 आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाओं के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान का लाभ दिया गया है। जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

 

हमारा उद्देश्य केवल योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से पहुँचे।

 

उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *