अर्थ

Muhurat Trading Timing: रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार, जानें कितने बजे से शुरू होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, नोट कर लें टाइम

डेस्क: दिवाली का त्योहार निवेशकों के लिए भी खास महत्व रखता है। इस दिन जहां घरों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है, वहीं शेयर बाजार से जुड़े कई लोग शुभ मुहूर्त में निवेश की शुरुआत करना पसंद करते हैं। ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल है कि इस बार दिवाली रविवार को पड़ने के बावजूद शेयर बाजार में कारोबार होगा या नहीं?

निवेशकों के लिए अच्छी खबर यह है कि इस साल भी दिवाली के मौके पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर मुहूर्त ट्रेडिंग का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा यानी रविवार होने के बावजूद निवेशकों को शेयर खरीदने और बेचने का मौका मिलेगा। हालांकि, बाजार सामान्य कारोबारी दिनों की तरह पूरे दिन नहीं खुलेगा, बल्कि निर्धारित समय के लिए विशेष ट्रेडिंग सेशन होगा।
8 नवंबर को होगी मुहूर्त ट्रेडिंग, जानें समय
इस साल दिवाली के दिन रविवार, 8 नवंबर को लक्ष्मी पूजन के अवसर पर मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित की जाएगी। NSE और BSE पर प्री-ओपन सेशन दोपहर 2:05 बजे शुरू होगा। इसके बाद सामान्य मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से शाम 3:30 बजे तक चलेगी।
इस तरह निवेशकों को दिवाली के दिन करीब 70 मिनट तक शेयर बाजार में कारोबार करने का अवसर मिलेगा। ध्यान रहे कि इस दिन बाजार सुबह 9:15 बजे की बजाय दोपहर में खुलेगा।

क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग और क्यों है खास?
मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की एक पुरानी और खास परंपरा है। इसे हिंदू नववर्ष यानी नए संवत की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि दिवाली पर शुभ मुहूर्त में निवेश करने से नए कारोबारी साल की शुरुआत अच्छी होती है।
इस बार दिवाली के साथ संवत 2083 की शुरुआत होगी। ऐसे में बड़ी संख्या में निवेशक और ट्रेडर्स इस विशेष सत्र में प्रतीकात्मक निवेश करते हैं। हालांकि, मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान निवेश करने का फैसला भी बाजार की परिस्थितियों और कंपनी के फंडामेंटल को ध्यान में रखकर करना चाहिए।
नवंबर में इन तारीखों पर बंद रहेगा शेयर बाजार
दिवाली के विशेष ट्रेडिंग सत्र के अलावा नवंबर में शेयर बाजार की छुट्टियों पर भी निवेशकों को ध्यान देना चाहिए। NSE और BSE के छुट्टी कैलेंडर के मुताबिक, नवंबर में इन तारीखों पर नियमित कारोबार नहीं होगा:
8 नवंबर (रविवार): नियमित कारोबार बंद रहेगा, लेकिन मुहूर्त ट्रेडिंग होगी।
10 नवंबर: दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर बाजार बंद रहेगा।
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती के अवसर पर शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा।
इसके अलावा शनिवार और रविवार को भी सामान्य रूप से शेयर बाजार बंद रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *