डेस्क: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 8-1 से हरा दिया। बुधवार को मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। इस जीत के साथ भारत ने सातवीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली।
दिलप्रीत और शिलानंद ने दागे दो-दो गोल
भारत की इस बड़ी जीत में दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लकड़ा ने अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगद बीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने एक-एक गोल दागकर भारत की जीत को और शानदार बना दिया।
जापान से होगा खिताबी मुकाबला
फाइनल में भारतीय टीम का सामना जापान से होगा। जापान ने पहले सेमीफाइनल में मलेशिया को पेनल्टी शूटआउट में 5-2 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। अब भारतीय टीम की नजरें जापान को हराकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होंगी।


