अर्थ

अमूल के बाद अब नंदिनी ने दिया ग्राहकों को झटका, बढ़ाए घी-मक्खन के दाम, 4 नवंबर से नई दरें लागू

डेस्क: अमूल के बाद अब नंदिनी ने भी घी, मक्खन के दामों में बढ़ोतरी की है। बेंगलुरु मिल्क यूनियन (बीएएमयूएल) ने नंदिनी घी, मक्खन, पनीर और तृप्ति दूध के खुदरा दामों में संशोधन किया है। नई दरें चार नवंबर से लागू हो गई हैं। यह बदलाव कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (केएमएफ) द्वारा अपने लोकप्रिय नंदिनी दूध के दाम आठ रुपए प्रति लीटर और दही के दाम 14 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए जाने के करीब एक सप्ताह बाद किया गया है।

बीएएमयूएल की चार नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, नंदिनी घी के 200 मिलीलीटर के पैकेट का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 95 रुपए तय किया गया है। वहीं, 500 मिलीलीटर का पैक 425 रुपए और एक लीटर का पैक 850 रुपए में मिलेगा। पीईटी जार में मिलने वाले घी की कीमत 50 मिलीलीटर के लिए 65 रुपए, 100 मिलीलीटर के लिए 100 रुपए, 200 मिलीलीटर के लिए 180 रुपए, 500 मिलीलीटर के लिए 435 रुपए और एक लीटर के लिए 870 रुपए होगी। घी का पांच लीटर वाला पैक 4,250 रुपए में मिलेगा। एक लीटर घी के टिन की कीमत 870 रुपए, जबकि 15 किलोग्राम के टिन की कीमत 14,100 रुपए होगी।
नमकीन मक्खन की कीमत 100 ग्राम के लिए 90 रुपए और 500 ग्राम के लिए 380 रुपए तय की गई है। वहीं, बिना नमक वाले मक्खन की कीमत 200 ग्राम के लिए 160 रुपए और 500 ग्राम के लिए 390 रुपए होगी। मक्खन का फैमिली पैक 90 रुपए में मिलेगा, जबकि 10 ग्राम के ब्लिस्टर पैक की कीमत 900 रुपए प्रति किलोग्राम होगी। नंदिनी पनीर की कीमत अब 200 ग्राम के लिए 115 रुपए, 500 ग्राम के लिए 260 रुपए और एक किलोग्राम के लिए 485 रुपए होगी। मध्यम वसा वाले पनीर (200 ग्राम) की कीमत 110 रुपए तय की गई है। तृप्ति दूध की कीमत 135 मिलीलीटर के लिए 11 रुपए और 450 मिलीलीटर के लिए 33 रुपए होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *