मनोरंजन

‘किंग 100’ से तब्बू का दमदार लुक जारी, जन्मदिन पर मेकर्स ने दिखाई ‘महांती झांसी रानी’ की पहली झलक

डेस्क: नागार्जुन अक्किनेनी की 100वीं फिल्म ‘किंग 100’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच 4 नवंबर को अभिनेत्री तब्बू के जन्मदिन के खास मौके पर फिल्म के मेकर्स ने उनके किरदार की पहली झलक जारी की है। फिल्म में तब्बू ‘महांती झांसी रानी’ के किरदार में नजर आएंगी। जारी लुक में उनका अंदाज काफी प्रभावशाली दिखाई दे रहा है।

राजनीतिक रसूख वाले किरदार में दिखीं तब्बू
मेकर्स की ओर से जारी झलक में तब्बू शपथ लेती नजर आ रही हैं। उनके गंभीर हाव-भाव और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से उनके किरदार की ताकत और रुतबे का अंदाजा लगाया जा सकता है। ‘महांती झांसी रानी’ एक ऐसा किरदार है, जो अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर मुकाम हासिल करने में विश्वास रखता है। इस पहली झलक में तब्बू के किरदार की गंभीरता और रहस्यमय अंदाज भी देखने को मिलता है। ‘किंग 100’ का लेखन और निर्देशन आर.ए. कार्तिक ने किया है, जबकि अन्नपूर्णा स्टूडियोज फिल्म का निर्माण कर रहा है। फिल्म में नागार्जुन अक्किनेनी और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत देवी श्री प्रसाद ने तैयार किया है। वहीं, राजा महादेवन ने सिनेमैटोग्राफी, नवीन नूली ने एडिटिंग और सतीश कुमार एन. ने प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है।
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
मेकर्स के मुताबिक, ‘किंग 100’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में नागार्जुन और तब्बू की जोड़ी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी। अब तब्बू के किरदार की पहली झलक सामने आने के बाद दर्शकों को फिल्म की कहानी और उनके किरदार से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *