राष्ट्रीय

मणिपुर में चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी, राहुल गांधी और खरगे ने नेताओं के साथ की बैठक

डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मणिपुर के पार्टी प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता के साथ बैठक कर राज्य में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में चर्चा की । बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ व्यापक जनाक्रोश है और 2027 में जनता उसे सत्ता से बेदखल कर देगी।

वेणुगोपाल ने कहा कि रविवार को रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब भाजपा शासित राज्य में बढ़ती सत्ता विरोधी भावना की महज एक झलक था। उन्होंने आरोप लगाया कि नफरत, लूट, जमीनों पर कब्जे और कुशासन ने राज्य में भाजपा के शासन मॉडल की पहचान बना ली है। मणिपुर की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जातीय संघर्ष की आग अब भी जारी है और इसके लिए सत्तारूढ़ शासन जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मणिपुर की दोनों सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था और जनता अब उसे पूरी तरह सत्ता से बाहर करना चाहती है। वेणुगोपाल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता राज्य से भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में जनहित पर आधारित शासन की वापसी सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *