खेल

नामीबिया ने रचा इतिहास, पहली बार फुल मेंबर देश के खिलाफ जीती द्विपक्षीय वनडे सीरीज

डेस्क: क्रिकेट की दुनिया में नामीबिया ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। टीम ने रविवार को विंडहोक में खेले गए पांचवें और निर्णायक वनडे मुकाबले में आयरलैंड को पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-2 से जीत ली। यह पहली बार है जब नामीबिया ने किसी फुल मेंबर देश के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज अपने नाम की है।

लौरें स्टीनकैंप और कप्तान इरास्मस ने दिलाई जीत
130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम को ओपनर लौरें स्टीनकैंप ने संभाला। उन्होंने 42 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर जीत की नींव रखी। वहीं कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 30 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। नामीबिया ने पांच विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया और सीरीज में 3-2 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
गेरहार्ड इरास्मस बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने पांच मुकाबलों में 263 रन बनाने के साथ चार विकेट भी हासिल किए। वहीं निर्णायक मुकाबले में जेजे स्मिथ को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। उन्होंने नौ ओवर में महज 20 रन देकर चार विकेट झटके और आयरलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
नामीबिया को मिली जीत का श्रेय, आयरलैंड के कप्तान ने की तारीफ
लोर्कन टकर ने नामीबिया की टीम की तारीफ करते हुए कहा, ‘नामीबिया को इसका पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने अनुशासित क्रिकेट खेला और हमसे ज्यादा समय तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी। यही वजह है कि आज उन्होंने सीरीज जीत ली।’ इस जीत ने दिखाया कि नामीबिया की टीम बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मजबूत टीमों को चुनौती देने की क्षमता रखती है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम
नामीबिया की यह जीत अगले साल होने वाले ICC पुरुष वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम है। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। आयरलैंड ने ICC पुरुष वनडे टीम रैंकिंग के आधार पर अगले साल के वर्ल्ड कप क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं नामीबिया को क्वालीफायर प्लेऑफ के रास्ते अपनी जगह बनाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *