डेस्क: इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार कंगारू टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है।
स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड को आराम
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाजों को आराम देने का फैसला किया है। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। स्टार्क पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इन दिग्गजों की गैरमौजूदगी में जेवियर बार्टलेट तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर सकते हैं।
महली बियर्डमैन पर चयनकर्ताओं की नजर
ऑस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को वनडे और टी20 दोनों टीमों में शामिल किया गया है। उन्होंने हाल ही में भारत ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट हासिल किए थे। मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया ए के लिए महली बियर्डमैन का हालिया प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है और हमें खुशी है कि वह वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं। हमें लगता है कि आने वाले वर्षों में वह तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ी के रूप में विकसित हो सकते हैं।’ बियर्डमैन को अभी अपना वनडे डेब्यू करना बाकी है।
टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए लिया गया फैसला
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने बताया कि टीम का आगामी शेड्यूल काफी व्यस्त है। दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके तुरंत बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज होगी।
बेली ने कहा, ‘हम अपने कार्यक्रम के बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद हमारे मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों के पास वनडे और टी20 सीरीज के लिए तैयारी तथा आगामी न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले पूरी तरह फिट और तरोताजा होने का समय काफी कम है।’ उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक तैयारी को ध्यान में रखते हुए उनका वर्कलोड मैनेज किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम vs इंग्लैंड
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, कैमरून ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट और एडम जम्पा।
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम vs इंग्लैंड
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, टिम डेविड, जोएल डेविस, जैक एडवर्ड्स, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, सैम हार्पर, स्पेंसर जॉनसन, मिचेल ओवेन, लचलान शॉ और एडम जम्पा।


