खेल

‘मेरा काम सबको खुश करना नहीं, सही फैसले लेना है’- गंभीर की दो टूक

डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें और आखिरी T20I मैच में भी युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया. ये फैसला थोड़ा चौंकाने वाला था क्योंकि भारत पहले ही सीरीज 3-1 से जीत चुका था, ऐसे में युवा खिलाड़ियों को मौका देने की उम्मीद थी. लेकिन, ऐसा नहीं हुआ और टीम ने अपनी पुरानी बैटिंग रणनीति पर ही भरोसा दिखाया.

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने हैमिल्टन T20 शुरू होने से पहले टीम सेलेक्शन से जुड़े अपने फैसलों को लेकर कहा कि उनकी जिम्मेदारी सही फैसले लेना है, न कि पॉपुलर फैसले. गंभीर ने ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए कहा कि सबसे पहले, मेरा काम सबको खुश करना नहीं है. मेरा काम सही फैसले लेना है, पॉपुलर फैसले नहीं. और मैं इसी के लिए यहां हूं.

भारत के हेड कोच ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और टीम सेलेक्शन को लेकर होने वाली चर्चाओं पर भी बात की. उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम की प्राथमिकताएं बाहरी राय से ऊपर होनी चाहिए. गंभीर ने आगे कहा कि पॉपुलर फैसला लेना बहुत आसान होता है. लेकिन मेरे लिए, मुझे लगता है कि अहम बात सही फैसला लेना और यह सुनिश्चित करना है कि ड्रेसिंग रूम के अंदर सब ठीक हो.

गंभीर ने माना कि भारतीय टीम में बहुत प्रतिभा है, लेकिन उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें टीम में लंबा मौका मिलना चाहिए. वो उसके हकदार हैं. वैभव सूर्यवंशी को सीरीज में मौका ईशान किशन के चोटिल होने के बाद मिला था. उन्होंने दो मैच खेले. लेकिन किशन के वापस आने के बाद उन्हें बाहर कर दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *