डेस्क: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान रॉयटर्स के पत्रकार पर निजी हमला किया। पत्रकार ने जब उनकी सेहत और चुनावी रैलियों को रद्द करने को लेकर सवाल पूछा, तो ट्रंप भड़क गए और पत्रकार के शारीरिक रूप-रंग और फिटनेस पर तंज कसने लगे।
ट्रंप ने एक तीखी बहस के दौरान रॉयटर्स के एक पत्रकार के शरीर को लेकर टिप्पणी की। जब पत्रकार ने ट्रंप से उनकी सेहत और कंसास-आयोवा में होने वाली चुनावी रैलियों को रद्द करने के उनके फैसले के बारे में पूछा, तो ट्रंप ने कहा कि आपकी हालत “बहुत खराब” है और उन्हें “खुद को फिट रखना चाहिए।”
यह बहस तब शुरू हुई जब पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या कंसास न जाने का उनका फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि देश भर में हफ्तों तक चुनाव प्रचार करने के बाद वे अस्वस्थ महसूस कर रहे थे।
ट्रंप ने तुरंत गुस्से में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पत्रकार से कहा, “अरे, ऐसा सवाल पूछना ही आपकी बीमारी को दिखाता है. आप बीमार हैं।” जब पत्रकार ने बताया कि वह रॉयटर्स से है, तो ट्रंप ने आगे कहा, “वैसे भी, रॉयटर्स बहुत खराब है।”
पत्रकार ने स्पष्ट करने की कोशिश की कि वह केवल राष्ट्रपति की सेहत के बारे में पूछ रहा था। लेकिन, ट्रंप ने पत्रकार के शारीरिक रूप-रंग पर बात करना शुरू कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कुछ देर के लिए पत्रकार की नकल भी उतारी और उसके सवाल को दोहराया।
ट्रंप ने कहा, “इस आदमी को देखो। यह बिल्कुल भी फिट नहीं है।” जब पत्रकार ने फिर पूछा कि क्या वे ठीक महसूस कर रहे हैं, तो ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनकी सेहत एकदम ठीक है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दो हफ्तों से खुद पर नजर रख रहा हूं। मैं बिल्कुल ठीक महसूस कर रहा हूं।” इसके बाद उन्होंने पत्रकार पर एक और निजी हमला किया। ट्रंप ने कहा, “आप बहुत घिनौने हैं। खुद को फिट रखें। आपकी हालत बहुत खराब है।”
ट्रंप ने कंसास और आयोवा में रद्द कीं अपनी चुनावी रैलियां
दरअसल, यह घटनाक्रम तब सामने आया जब ट्रम्प ने कंसास और आयोवा में सप्ताहांत पर होने वाली अपनी चुनावी रैलियां रद्द कर दीं। इन राज्यों में मंगलवार को होने वाले मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। ये रैलियां शनिवार को कंसास के सलीना और रविवार को आयोवा के डुबुक में होनी थीं। ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें “ऐसा नहीं लगता कि उन्हें कंसास जाने की ज़रूरत है”, साथ ही उन्होंने इस राज्य में रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल की जीत को लेकर भरोसा जताया। बाद में रिपब्लिकन नेशनल कमिटी ने आयोवा में होने वाली रैली के रद्द होने की भी घोषणा कर दी।
ट्रंप के चुनाव प्रचार समूह ‘MAGA Inc’ के अनुसार, ट्रंप खुद वहां जाने के बजाय फोन या ऑनलाइन माध्यम यानी ‘टेली-रैलियों’ के जरिए कंसास और आयोवा समेत कम से कम 19 राज्यों के मतदाताओं को संबोधित करेंगे। ट्रंप 1 अक्टूबर से अब तक 19 राज्यों में 25 रैलियां कर चुके हैं। इससे पहले मिसिसिपी रैली में उन्होंने कहा था कि भगवान ने हमारे वोकल कॉर्ड ऐसे नहीं बनाए कि रोज एक रैली की जा सके। इन दो रैलियों के रद्द होने के बावजूद ट्रंप के शुक्रवार को फ्लोरिडा के एक अन्य कार्यक्रम में जाने की उम्मीद है।


