डेस्क: ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि उनके बचत खातों (savings accounts) और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से लगभग 35 करोड़ रुपए गायब हो गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कई खाताधारकों का दावा है कि उन्होंने न तो इन ट्रांजेक्शन के लिए कोई अनुमति दी थी और न ही उन्हें फंड ट्रांसफर के बारे में कोई अलर्ट मिला।
पुलिस ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने ब्रांच मैनेजर समेत कई कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में बीटा-2 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है, जिसके अधिकार क्षेत्र में यह ब्रांच आती है। अधिकारियों के अनुसार बैंक ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि वह ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करेगा। प्रभावित ग्राहकों में से एक विजेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि उनके बचत खाते में पहले लगभग 87-88 लाख रुपए थे, लेकिन अब उसमें केवल 1 लाख रुपए बचे हैं। सिंह ने बताया कि वह एक किसान हैं और उन्हें अथॉरिटी से मुआवजा मिला था।
एक अन्य ग्राहक, हनीफ खान ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर (Aichhar) इलाके के पाई-1 (Pi-1) सेक्टर में स्थित बैंक ब्रांच में उनका बचत खाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खाते में मौजूद 39 लाख रुपए अब गायब हैं। खान ने कहा, ‘मुझे न तो कोई मैसेज मिला और न ही मैंने फंड ट्रांसफर के लिए किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।’ एक और खाताधारक जाकिर ने आरोप लगाया कि उनके खाते से 9.5 लाख रुपये गायब हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें इन ट्रांजेक्शन के बारे में बैंक से कोई टेक्स्ट मैसेज नहीं मिला था। उन्हें इस धोखाधड़ी का पता तब चला, जब वे खुद ब्रांच पहुंचे।


