खेल

Pan Pacific Open: नाओमी ओसाका ने घरेलू दर्शकों के सामने दर्ज की जीत, दूसरे दौर में बनाई जगह

डेस्क: जापान की स्टार टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने मंगलवार को पैन पैसिफिक ओपन में इटली की जैस्मीन पाओलिनी को हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त ओसाका ने पाओलिनी को 6-3, 7-6 (4) से शिकस्त दी। यह डब्ल्यूटीए 500 स्तर का टूर्नामेंट टोक्यो में खेला जा रहा है।

ओसाका ने इस जीत के साथ पिछले साल मियामी ओपन में पाओलिनी के खिलाफ मिली हार का बदला भी ले लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले दोनों की भिड़ंत में पाओलिनी ने जीत दर्ज की थी।
ओसाका ने लगाए सात एस
चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन ओसाका ने एक घंटे 37 मिनट तक चले मुकाबले में शानदार सर्विस की। उन्होंने सात एस लगाए, जबकि पाओलिनी केवल एक एस लगा सकीं।
ओसाका बेटी शाई के जन्म के तीन साल बाद टेनिस में वापसी करने के बाद अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की ओर बढ़ रही हैं। हालांकि, उन्होंने इस सप्ताह कहा था कि अगर उनकी बेटी शाई उनसे टेनिस छोड़ने के लिए कहती है, तो वह खेल से दूरी बना लेंगी।
रयबाकिना को पहले दौर में बाई
दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी और टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेना रयबाकिना को पहले दौर में बाई मिली है। वहीं, चोट के कारण दूसरी वरीयता प्राप्त माजा चाव्लिंस्का और चौथी वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेनचिच टूर्नामेंट से हट गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *