डेस्क: बिहार में मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र में बीती रात रात शराब तस्करों के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ और इस दौरान दो जवान पथराव में घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाक्षेत्र के बभनदई चौक से कोदरकट्टा जाने वाली मुख्य सड़क पर बुंदेलखंड गांव के समीप हुई इस घटना में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पीटीसी दिनेश कुमार (39) समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, संध्या गश्ती के दौरान टीम संपत सहनी के होटल के पास शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची थी। कारर्वाई के दौरान पीटीसी दिनेश कुमार ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ उलझना शुरू कर दिया। गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने के लिए आरोपितों ने पुलिस वाहन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
पथराव में वाहन के शीशे टूट गए और होमगार्ड जवान सुरेश पासवान समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान पुलिस वाहन का पिछला शीशा तोड़कर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा लिया गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। हमले में 25 से 30 महिला-पुरुषों के शामिल होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर बासोपट्टी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
घायल पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बासोपट्टी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में 14 नामजद आरोपियों के अलावा करीब 30 अज्ञात महिला-पुरुषों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर एक महिला सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


