मनोरंजन

खेसारी लाल पर फेंकी चप्पल, अभिनेता ने कहा- ‘आई लव यू’; हरकत पर भड़के सांसद पप्पू यादव

डेस्क: बिहार के मधेपुरा में खुर्दा महोत्सव (Khurda Festival) के दौरान भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) पर किसी ने चप्पल फेंक दी। मंच पर प्रस्तुति दे रहे खेसारी ने इस घटना पर नाराजगी जताने के बजाय मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी और चप्पल फेंकने वाले को ‘आई लव यू’ कह दिया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव इस हरकत से नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि चप्पल फेंकने वाला व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया है और उसे दो दिन में ढूंढ़ लिया जाएगा।

चप्पल फेंकने वाले से बोले- बहुत आगे जाओगे
खेसारी लाल यादव खुर्दा महोत्सव में अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में से किसी ने उनकी ओर चप्पल फेंक दी। मंच पर हुई इस घटना को अभिनेता ने सहजता से संभालने की कोशिश की।
खेसारी ने चप्पल फेंकने वाले को संबोधित करते हुए कहा, “बहुत अच्छा। क्या बात है बेटा… बाटा का चप्पल है क्या? बहुत प्यारा था। आई लव यू। क्या लड़का है, तू बहुत आगे जाएगा।”
इसके बाद उन्होंने कहा कि वह गलती करने वालों का भी सम्मान करते हैं, क्योंकि गलतियों से सही और गलत के बीच फर्क समझने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी गलतियों से सीखना चाहिए और दूसरों को भी उनसे सबक लेना चाहिए। इस प्रतिक्रिया के बाद खेसारी लाल यादव ने दोबारा अपना गीत गाना शुरू कर दिया।
घटना पर भड़के पप्पू यादव
कार्यक्रम में मौजूद सांसद पप्पू यादव ने चप्पल फेंकने की घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस हरकत को अंजाम देने वाला व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया है। सांसद ने उसे दो दिन में ढूंढ़ने की बात कही।

जहां खेसारी लाल यादव ने मामले को हल्के-फुल्के अंदाज में लिया, वहीं सांसद ने इस तरह की हरकत को लेकर सख्त रुख अपनाया।
बिजली के खंभे पर चढ़े युवकों को भी लगाई फटकार
खुर्दा महोत्सव के दौरान कुछ युवक खेसारी लाल यादव को देखने और सुनने के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ गए थे। खंभों पर चढ़े युवकों को देखकर पप्पू यादव ने उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा।
सांसद ने कई बार युवकों को आगाह किया कि वे इस तरह की हरकत न करें और खंभों से उतर जाएं। उनके बार-बार समझाने के बावजूद कुछ युवक नीचे नहीं उतरे, जिसके बाद उन्होंने कड़े लहजे में उन्हें फटकार लगाई। इसके बाद युवक खंभों से नीचे उतरे।
कार्यक्रम में हुई इन घटनाओं ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा और दर्शकों के व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *