उत्तर प्रदेश

बरेली कोर्ट से पेशी के दौरान बंदी फरार, लापरवाही पर आठ पुलिसकर्मी निलंबित

डेस्क:बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली में जिला कारागार से पेशी पर लाया गया एक बंदी न्यायालय परिसर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हवालात ड्यूटी और बंदी को पेशी पर लाने में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार बंदी समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। सीओ प्रथम बरेली आशुतोष शिवम ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को जिला कारागार से सचिन पुत्र चंद्रभान को पेशी के लिए न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप में लाया गया था। सचिन सुभाष नगर थाना क्षेत्र का निवासी है। पेशी के दौरान मौका पाकर वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हवालात ड्यूटी और बंदी की पेशी के लिए तैनात कुल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
न्यायालय सुरक्षा चौकी प्रभारी की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 528/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 261 और 262 में फरार बंदी सचिन तथा आठ पुलिसकर्मियों समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ ने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, थाना कोतवाली और थाना सुभाष नगर की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और बंदी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार बंदी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *