उत्तर प्रदेश

भाजपा नेता संगीत सोम का दावा, मेरी हत्या करवाना चाहते थे अखिलेश यादव

डेस्क:गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान उनकी हत्या कराने की कोशिश की गई थी। संगीत सोम ने सीधे तौर पर इसके लिए अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उन्हें यह बात कहने में कोई संकोच नहीं है। गाजियाबाद में आईएएनएस से बातचीत में संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर दंगों के समय की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब मुजफ्फरनगर में दंगे हुए और सैकड़ों लोगों की जान गई, उस दौरान समाजवादी पार्टी और उसके लोगों ने इलाके में आतंक का माहौल बना रखा था। उस समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि उन्हें मुजफ्फरनगर जेल ले जाया गया, लेकिन महज दो घंटे के भीतर वहां से हटा दिया गया। इसके बाद उन्हें पूरी रात जंगलों में घुमाया गया। उन्होंने कहा कि उस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जो बातें बताई थीं, उन्हें कैमरे के सामने नहीं दोहराया जा सकता। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने इतना जरूर कहा था कि वे ऊपर से मिले आदेशों के कारण कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने आगे बताया कि कई किलोमीटर दूर और जेल ले जाने के बाद वहां की पूरी जेल खाली करा दी गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि जेल की एक बैरक नहीं, बल्कि पूरी जेल खाली कराई गई और वहां एक भी कैदी मौजूद नहीं था।
संगीत सोम ने दावा किया कि जेल के अधिकारियों ने उन्हें बताया था कि उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा है और उन्हें वहां इसलिए रखा गया है, क्योंकि उनकी हत्या कराने की कोशिश की जा सकती है। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों तक संदेश पहुंचाया।
उन्होंने वाल्मीकि समुदाय के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने तुरंत पंचायत बुलाई और जेल को घेर लिया। इसके बाद खेड़ा में महापंचायत आयोजित की गई, जहां प्रशासन और पुलिस ने लोगों पर गोलियां चलाईं।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कई लोगों को गोली लगी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उनके ऑपरेशन भी हुए। संगीत सोम ने कहा कि मीडिया भी उस समय मौके पर मौजूद थी।
भाजपा नेता ने कहा कि जब उनके साथ उस समय ऐसी घटनाएं हुईं तो मैं क्यों नहीं कहूंगा कि अखिलेश यादव हत्या करवाना चाहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *