सिवान : जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में एक पटाखा कारोबारी के घर में भीषण विस्फोट हुआ है। इस हादसे में 4 से 7 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और खबरों के मुताबिक, घर में रखे पटाखों और आतिशबाजी के बड़े स्टॉक में आग लगने के बाद करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पटाखा कारोबारी मोहम्मद अमीरुद्दीन मियां के रिहाइशी मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त होकर सड़क पर आ गिरा और आस-पास के घरों की दीवारें भी दरक गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल और सदर अस्पताल भेजा गया है, जहाँ से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


