डेस्क: नालंदा जिले में शराब तस्करों को पकड़ने गई मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की टीम पर की गई गोलीबारी में एक सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने अनुसार सिपाही की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है।
विभाग के अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय स्थित खुफिया ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है जिसके बाद पटना से पहुंची विशेष टीम ने राजगीर में कार्यरत उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों का पीछा शुरू किया। उन्होंने बताया कि पावापुरी-गिरियक क्षेत्र में राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर के पास टीम ने पिकअप वाहन को रोकने और घेरने की कोशिश की।
चौधरी ने बताया कि इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक मुखबिर ने पुलिस टीम पर अचानक गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनका मुखबिर पिकअप वाहन को लेकर मौके से फरार हो गए।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार को पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग और जिला पुलिस की टीम संयुक्त रूप से हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


